आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में रबर सोल फैक्ट्री में लगी भीषण आग
इंडस्ट्रियल एरिया में मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड दमकलें आग बुझाने में जुटीं
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित श्रीजीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार को उस समय अफरा-तफरी फैल गई जब फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रुख अख्त्यिार कर लिया। आग वाधवा रबर सोल फैक्ट्री में लगी। आग की लपटों से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच आग बुझाने में जुट गईं। फैक्ट्री में भारी मात्रा में रबर होने के चलते आग के तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ है। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके। न ही किसी हताहत होने की पुष्टि हुई है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रबर और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही। यही वजह है कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन आग शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खामी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अभी तक इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की भी पुष्टि नहीं हुई है। आग से फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन आग के काबू पाने के बाद ही हो सकेगा। इधर घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक आशीष त्यागी भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहकर राहत और सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी है।
