यह देश किसी बाबा के फरमान से नहीं बाबा साहेब के संविधान से चलेगाः संजय सिंह
आगरा के शहीद स्मारक से शुरू हुई आप सांसद संजय सिंह की रोजगार दो- सामाजिक न्याय दो पदयात्रा
हर हाथ को रोजगार, आम आदमी को न्याय अरविंद केजरीवाल के संकल्प को आगे बढ़ाने निकले संजय सिंह
रोजगार दो, वरना 10 हजार का भत्ता दो के नारे के साथ युवाओं के हक की लड़ाई आप ने की तेज
आगरा। यह देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बल्कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान से चलेगा। धर्मनिरपेक्ष भारत की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को आगरा से अपनी चैथे चरण की पदयात्रा शुरू करने से पहले जनसभा में कही। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। पदयात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
आप सांसद संजय सिंह ने कहाकि आज उत्तर प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक अन्याय से जूझ रहा है और सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहाकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए, न कि नफरत और विभाजन की राजनीति। उन्होंने प्रधानमंत्री और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहाकि किसानों की समस्याएं, गन्ना भुगतान, खाद की किल्लत और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। जनता जब बिजली, पानी और रोजगार मांगती है, तो उसे जवाब देने के बजाय नारेबाजी और दिखावे की राजनीति की जाती है। संजय सिंह ने कहाकि भाजपा की राजनीति समाज को बांटने और नफरत फैलाने पर आधारित है। जबकि आम आदमी पार्टी मोहब्बत, भाईचारे और विकास की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने आगरा को मोहब्बत की नगरी बताते हुए कहाकि इसी संदेश को लेकर यह पदयात्रा मथुरा तक जाएगी।
उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहाकि देश की जनता लंबी-लंबी लाइनों में खड़ी है और सरकार हकीकत स्वीकार करने के बजाय भ्रम फैलाने में लगी है। उन्होंने कहाकि गलत विदेश नीति और निर्णयों के कारण देश को महंगा ईंधन झेलना पड़ रहा है। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, पेपर लीक की घटनाएं आम हो गई हैं और नौजवानों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। उन्होंने मांग की कि बेरोजगार युवाओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाए। ताकि उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो और प्रदेश के विकास में योगदान भी मिले।
उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले, दलितों और पिछड़ों पर बढ़ते अत्याचार और सामाजिक भेदभाव के मामलों को उठाते हुए कहाकि प्रदेश में न्याय व्यवस्था कमजोर हो चुकी है। लखनऊ, रायबरेली और इटावा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहाकि वंचित समाज के साथ अन्याय लगातार बढ़ रहा है और सरकार मौन बनी हुई है। इससे पहले आप सांसद ने शहीद स्मारक संजय पैलेस से रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो पदयात्रा के चैथे चरण का विधिवत शुभारंभ किया। शहीद-ए-आजम भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद को माल्यार्पण कर इस जनसंघर्ष की शुरुआत की गई। इसके बाद पदयात्रा सेंट जॉन्स चैराहे होते हुए किदवई पार्क पहुंची, जहां जनसभा को संबोधित किया। यह पदयात्रा 3 अप्रैल से शुरू होकर हाथरस होते हुए 9 अप्रैल को मथुरा में समाप्त होगी।
इस दौरान ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदेश चैधरी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत, करोलबाग विधायक विशेष रवि, गोकुलपुर विधायक सुरेंद्र चैधरी, दिनेश पटेल , जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ चतुर्वेदी, महानगर अध्यक्ष दिलीप बंसल, वंशराज दुवे, राजेश यादव, जनक प्रसाद, प्रशान्त यादव, ताजुद्दीन खान, रमजान अब्बास, अरुण गहलोत, राजकुमार, यतिनंदन्न, अर्पित यादव, स्वामी संजीवन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


