डीएम ने तीर्थधाम बटेश्वर के विकास कार्यों को परखा, तेजी लाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बटेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर,यज्ञशाला, प्रवेश द्वार, मल्टीपरपच हॉल, पाथवे, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, रैंप का किया निरीक्षण
आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शनिवार को तीर्थधाम बटेश्वर में पर्यटन और संस्कृति विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बटेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर कॉम्पलेक्स के निर्माण कार्य, यज्ञशाला, प्रवेश द्वार,मल्टीपरपच हॉल, पाथवे, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और रैंप को देखा और परखा। उन्होंने पर्यटन और संस्कृति विभाग को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
तीर्थधाम बटेश्वर में पर्यटन और संस्कृति विभाग धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकास करा रहा है। जिलाधिकारी ने लगभग 24 करोड़ की लागत से संरक्षित हो रहे यमुना के घाट, मंदिरों के संरक्षण का काम देखा। मंदिर कारीडोर कॉम्पलेक्स के निर्माण कार्य, निर्माणाधीन यज्ञशाला, प्रवेश द्वार,मल्टीपरपच हॉल, पाथवे, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश निर्माण में लगी एजेंसी को दिए। कारीडोर क्षेत्र में पवित्र कुंड के विकास, पार्किंग, सौंदर्यीकरण इत्यादि का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया।
घाटों और मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई के सख्त निर्देश देते हुए जिला धिकारी ने ब्रह्मलाल मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की। पूजा मंदिर के पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी, राकेश वाजपेयी, अशोक गोस्वामी, सोनम गोस्वामी, सूरज गोस्वामी ने विधि विधान से मंत्रोच्चारण के बीच कराई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय नारायण सिंह, उपजिला मजिस्ट्रेट बाह संतोष कुमार शुक्ला सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।





