वित्तीय साल में आगरा रेल मंडल ने हासिल कीं उपलब्धियां

0
42b014a6-f4e4-4626-b7bd-bb7eeb8fac29

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की दी जानकारी

आगरा रेल मंडल में रेल सेवा सुधार, यात्री सुविधाओं के विस्तार पर डाला प्रकाश

आगरा। रेलवे सेवाओं में प्रगति और यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार और विकास की दिशा में आगरा रेल मंडल ने कई सौपानों को चूमा है। आगरा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान हासिल की गईं उपलब्धियों को गिनाया। वहीं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। रेलवे के गोवर्धन हाल में पत्रकार वार्ता में मंडल रेल प्रबंधक ने यात्री सुविधाओं के विस्तार और राजस्व वृद्धि के आंकडे साझा किए।

आगरा मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में संरक्षा, संचालन, राजस्व, कार्मिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था विकास के क्षेत्र में कई उपलब्धियां अर्जित की हैं। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल ने बृहस्पतिवार को रेलवे के गोवर्धन सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आगरा रेल मंडल की विभिन्न क्षेत्रों में की गई प्रगति, सेवा सुधार और यात्री सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगरा रेल मंडल ने हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्रदर्शित करते हुए कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मंडल ने यात्री आय में 717.28 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। यह निर्धारित लक्ष्य की तुलना में 6.71 प्रतिशत अधिक है। वहीं 719.36 लाख यात्रियों को परिवहन किया। जबकि लक्ष्य 672.91 लाख का निर्धारित था। इस प्रकार यात्री संख्या में लगभग 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में टिकट जांच स्टाफ द्वारा 27.41 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया। कुल 4.43 लाख यात्रियों से वसूली की गई। इनमें बिना टिकट 2.24 लाख यात्रियों से 16.38 करोड़, अनियमित यात्रा करने वाले 2.18 लाख यात्रियों से 11.02 करोड़ और यूबीएल के अंतर्गत 178 यात्रियों से 1.56 लाख राजस्व वसूला। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 27 लाख अधिक है। इसके अलावा आगरा मंडल में पकड़े गए 975 अवैध वेंडरों से 7,47,220 का जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि आगरा कैंट रेल कोच रेस्टोरेंट अनुबंध से प्रतिवर्ष 12.82 लाख आय अर्जित की गई। वहीं जन औषधि केंद्र (मथुरा जं.) .61 लाख रुपये और आगरा कैंट से 6 लाख रुपये प्रति वर्ष हासिल किए। इसके अलावा मथुरा, ईदगाह, आगरा कैंट और आगरा फोर्ट पर मिलेट स्टाॅल स्थापित किए गए। इसके अलावा विज्ञापन से आगरा रेल मंडल ने मार्च 2026 तक 4.03 करोड़ हासिल किए, जो मुख्यालय लक्ष्य 3.70 करोड़ से 8.87 प्रतिशत अधिक है। जबकि पार्किंग लक्ष्य 2.58 करोड के मुकाबले 2.77 करोड की आय अर्जित की। यही नहीं मुड़िया पूर्णिमा मेला के दौरान यात्रियों 3 करोड़ 18 लाख रुपये की आय प्राप्त की। यह पिछले वर्ष से 26.10 प्रतिशत अधिक है।

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने बताया कि आगरा मंडल के 9 स्टेशनों पर 20 एटीवीएम फेसिलिटेटर (3 सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी 17 अन्य) नियुक्त किए गए। एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में आगरा मंडल में 16 ओएसओपी स्टॉल, ट्रॉलियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एनसीआर में पहली बार आगरा मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पहचान पत्र जारी करने की सुविधा प्रारंभ की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 855 दिव्यांगजन पहचान पत्र जारी किए गए। वहीं प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा मंडल के 5 रेलवे स्टेशनों ईदगाह, फतेहाबाद, गढ़ी दौलत, गोवर्धन और मुरैना रोड का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा आगरा रेल मंडल में सिग्नल एवं दूर संचार, तीसरी लाइन कमिशनिंग, केन्द्रीयकृत सर्विलांस सिस्टम, इंजीनियंरिंग विभाग, सुरक्षा एवं क्षमता संवर्धन, ट्रैक उन्नयन कार्य सहित अन्य विभागों के विकास कार्यों का भी ब्यौरा दिया गया। इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रनव कुमार और मंडल के सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *