जेल जाने के डर से आरोपी ने काट ली जीभ

लहूलुहान होकर जमीन पर गिरा, ट्रामा सेंटर में भर्ती
अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया था शातिर आरोपी
फिरोजाबाद। जेल जाने के डर से अवैध असलाह के साथ पकडे गए आरोपी ने दांतों से खुद की जुबान काट ली। उसे उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। थाना उत्तर में तैनात प्रशिक्षु दरोगा ऋतिक शर्मा द्वारा बीती रात सत्यनगर निवासी मानिकचंद्र को अवैध असलहा के साथ गिरफ्तार किया था। शनिवार को उसे जेल भेजने से पहले सरकारी ट्रॉमा सेंटर में मेडिकल के लिए भेजा गया। जहां मेडिकल के दौरान आरोपी ने जेल जाने के डर से अपने ही दांतों से खुद की जीभ काट ली। जीभ काटने से आरोपी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। तत्काल चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। उसका एक्सरे कराया गया। इसके बाद प्राथमिक उपचार देकर उसे वहीं भर्ती करा दिया गया है। सूचना पर मानिकचंद्र की पत्नी चित्रा देवी और बेटा रीतेश भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही सहित गंभीर आरोप लगाए। सीओ सिटी अरुण कुमार चैरसिया ने बताया कि आरोपी शातिर है। वह कई बार इस तरह के कृत्य कर चुका है। उसके ऊपर अवैध असलाह, चरस, गांजा सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमा दर्ज हैं।