एत्मादपुर में ट्रेलर की टक्कर से अनियंत्रित मैक्स ट्रैक्टर में घुसी, दो घायल
हादसे के बाद भीड ने ट्रेलर चालक पकड़ा, ट्रैक्टर चालक फरार
आगरा। जनपद आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम नवलपुर कट पर तेज रफ्तार रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से मैक्स गाड़ी में मारी टक्कर में दो लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैक्स गाड़ी आगे चल रहे ट्रैक्टर में जा भिड़ी। इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर लोगों की भीड़ जुटने से जाम के हालात पैदा हो गए।
हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। सरियों से लदी मैक्स गाड़ी में सवार दो लोग आगरा की ओर जा रहे थे। नवलपुर कट के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रेलर ने मैक्स में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मैक्स चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सामने चल रहे ट्रैक्टर में जा घुसी। हादसे में मैक्स सवार शिवम यादव पुत्र जेपी यादव निवासी नगला रामबक्श और रमाकांत, पुत्र रामसहाय, निवासी रनपई एत्मादपुर घायल हो गए।
हादसे के बाद जुटे स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान भीड ने ट्रेलर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। वहीं ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि ट्रैक्टर चालक की क्या भूमिका रही और वह घटनास्थल से क्यों भागा। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए समीप के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस अब प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
