भारतीय रेलवे संरक्षा को देता है सर्वोच्च प्राथमिकताः महानिदेशक

0
cc909feb-cc00-45da-8aaa-aefb304b0a59

रेलवे बोर्ड के महानिदेशक संरक्षा हितेन्द्र मल्होत्रा की समीक्षा बैठक

आगरा मंडल में संरक्षा व्यवस्थाओं को महानिदेशक ने गहनता से परखा

संरक्षा संबंधी घटनाओं को रोकने को प्रभावी उपायों पर हुआ विचार-विमर्श

आगरा। रेलवे बोर्ड के महानिदेशक संरक्षा हितेन्द्र मल्होत्रा ने कहाकि संरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर सतत सतर्कता, अनुशासन और उत्तरदायित्व आवश्यक है। उन्होंने ट्रैक, सिग्नलिंग, रोलिंग स्टॉक का नियमित और गुणवत्तापूर्ण निरीक्षण सुनिश्चित किया जाने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखे जाने और आधुनिक तकनीकों व उपकरणों का अधिकाधिक उपयोग किया जाए।

रेलवे बोर्ड के महानिदेशक संरक्षा द्वारा मंगलवार को आगरा मंडल कार्यालय के सभा गार में संरक्षा सम्बन्धी समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडल की संरक्षा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया। बैठक में संभावित जोखिमों की पहचान और संरक्षा मानकों को सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संरक्षा से संबंधित विस्तृत फीडबैक प्रस्तुत किया गया। इनमें ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता, लोको और कोचों की तकनीकी स्थिति, विद्युत आपूर्ति की स्थिरता, मानव रहित संवेदनशील समपार फाटकों की निगरानी और परिचालन प्रक्रियाओं के अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही पूर्व में हुई संरक्षा संबंधी घटनाओं का विश्लेषण करते हुए उनके मूल कारणों की पहचान की गई। भविष्य में इनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निवारक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में महानिदेशक संरक्षा ने कहाकि कर्मचारियों को नियमित संरक्षा प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी दक्षता में निरंतर वृद्धि की जाए। साथ ही, फील्ड से प्राप्त फीड बैक को प्राथमिकता के साथ शामिल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाए। संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत बिंदुओं पर गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। आगरा रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में भी संरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाता रहेगा।

बैठक में महानिदेशक संरक्षा, रेलवे बोर्ड हितेंद्र मल्होत्रा, कार्यकारी निदेशक संरक्षा रेलवे बोर्ड राहुल श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे जेसी एस. बोरा और मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल सहित परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल, दूरसंचार, यांत्रिक, विद्युत, संरक्षा और सुरक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *