सोने की कीमतों ने तोड़ा रिकॉर्ड, 92 हजार रुपये के पार पहुंचा गोल्ड

मुंबई। शादी के सीजन से पहले सोने की कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। शनिवार को 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 92,455 रुपये (कर सहित) तक पहुंच गई। जबकि शुक्रवार को यह कीमत 91,600 रुपये थी। महाराष्ट्र के नासिक और जलगांव के व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। जलगांव को उसकी शुद्धता और बेहतरीन कारीगरी के लिए जाना जाता है। जलगांव के प्रसिद्ध ज्वेलर सुशील बाफना के अनुसार, सोने की कीमतें अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों विशेष रूप से अमेरिका की व्यापार नीतियों से प्रभावित हो रही हैं। आज भी कई लोग सोने को सबसे सुरक्षित निवेश मानते हैं। जलगांव के आभूषण बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद उचित कीमतों पर मिल रहे हैं। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि अगर वैश्विक बाजारों में उथल-पुथल जारी रही तो सोने की कीमतों में और तेजी आ सकती है। डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव भी सोने की कीमतों को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में निवेशकों और खरीदारों को सोने के बाजार पर लगातार नजर बनाए रखनी चाहिए ताकि वे सही समय पर निर्णय ले सकें।