बुद्धा पार्क को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की भारतीय जाटव समाज संस्था ने उठाई मांग

0
73791bc2-7c34-4ea0-9e40-aed8214effae

मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन संस्था ने मंडलायुक्त आयुक्त को सौंपा

बुद्धा पार्क की गुणवत्ता के लिए निगरानी समिति गठन की मांग

आगरा। कालिंदी विहार रोड स्थित निर्माणाधीन बुद्धा पार्क को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और उसकी गुणवत्ता को बेहतर बनाने की मांग को लेकर भारतीय जाटव समाज संस्था ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन मंडलायुक्त आगरा को ज्ञापन सौंपा।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह ने बताया कि 3 अगस्त 2025 को संगठन की ओर से लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा में विशाल बुद्धा पार्क निर्माण का अनुरोध किया गया था। उपेन्द्र सिंह ने बताया कि पार्क में तथागत बुद्ध और उनके प्रथम पांच अनुयायियों की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। जिस स्थान पर ये प्रतिमाएं लग रही हैं, वहां नगर निगम के ठेकेदार द्वारा जेट ब्लैक (काले रंग) का पत्थर लगाया जा रहा है। संस्था ने सुझाव दिया कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए लाल या हल्के रंग के पत्थरों के उपयोग पर विचार किया जाए, जिससे पार्क की भव्यता और आकर्षण और बढ़ सके।

संस्था ने पार्क की ऊंचाई और संरचना को देखते हुए सुरक्षा और सौंदर्य के सभी पहलुओं पर ध्यान देने की मांग की। ताकि यह परियोजना भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन और आध्यात्मिक केंद्र बन सके। साथ ही प्रतिमाओं के स्वरूप को ऐतिहासिक तथ्यों के अनुरूप बनाने सुझाव दिया। संस्था का कहना है कि तथागत बुद्ध को युवा और उनके अनुयायियों को प्रौढ़ स्वरूप में दर्शाया जाना ऐतिहासिक दृष्टि से अधिक उपयुक्त माना जाता है। साथ ही अनुयायियों के केशों की शैली भी बुद्ध से अलग रखने का सुझाव दिया गया है।

संस्था ने इस परियोजना की गुणवत्ता और ऐतिहासिक स्वरूप बनाए रखने के लिए एक निगरानी समिति के गठन की भी मांग की। ताकि कार्य परंपरा और मानकों के अनुरूप पूरा हो सके। इस संबंध में संस्था के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से भी चर्चा की। नगर आयुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को बुलाकर संस्था के सुझावों को गंभीरता से सुना। साथ ही आश्वासन दिया कि संस्था के पदाधिकारियों के साथ नगर निगम की टीम मौके पर निरीक्षण करेगी और उनके सुझावों पर अमल किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में नेत्रपाल सिंह, भारत सिंह, अर्जुन सिंह, रविन्द्र सिंह, तेज कपूर, रामहेत, प्रेमचंद सोन, सुरेंद्र जाटव, सौरभ वर्मा, वीरपाल सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *