आगरा से उज्जैन के बीच चले वंदे भारत ट्रेन, सांसद नवीन जैन ने उठाई मांग, रेल मंत्री को लिखा पत्र

0
83aeec62-6fa3-4e5a-b8f0-81a27878e56a

वंदे भारत ट्रेन के चलने से आगरा के श्रद्धालुओं को महाकाल दर्शन की मिलेगी सुविधा, बढेगा व्यापार

सांसद जैन के प्रयासों से ही रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदलकर रखा गया मूकमाटी

आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आगरा से मध्य प्रदेश के उज्जैन और इंदौर के लिए नई वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखकर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वंदे भारत ट्रेन को जल्द शुरू किए जाने की मांग की।

सांसद ने अपने पत्र में कहाकि आगरा शहर में बड़ी संख्या में शिवभक्त निवास करते हैं और शहर के चारों दिशाओं में भगवान शिव के अनेक प्राचीन मंदिर स्थित हैं। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में विराजमान बाबा महाकाल के दर्शन के प्रति आगरा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु समय-समय पर उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करते हैं। इसके अलावा सांसद ने आगरा, इंदौर और उज्जैन के बीच व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियां लगातार बढ़ने से इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या भी निरंतर बढ़ती जा रही है।

वर्तमान में इस मार्ग पर तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों और श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री से श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगरा से इंदौर-उज्जैन के बीच प्रातः आगरा से इंदौर और सायं काल इंदौर से आगरा के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की व्यवस्था किए जाने मांग की। उन्होंने कहाकि इससे जहां बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

इससे पहले सांसद नवीन जैन ने रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदलकर मूकमाटी एक्सप्रेस किए जाने की मांग उठाई थी। उनके प्रयास रंग लाए और रेलवे बोर्ड ने उक्त ट्रेन का नाम मूकमाटी एक्सप्रेस रखे जाने को मंजूरी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *