चर्म उत्पाद निर्यात में आगरा के गुप्ता एचसी ओवरसीज को मिला प्रथम पुरस्कार
प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री नन्द गोपाल नंदी ने किया सम्मानित
लखनऊ में आयोजित किया गया राज्य निर्यात पुरस्कार समारोह
गुप्ता एचसी ओवरसीज के गोपाल गुप्ता ने ग्रहण किया पुरस्कार
आगरा। चर्म उत्पाद और चर्म निर्यात में शहर की प्रमुख जूता निर्माता कम्पनी गुप्ता एचसी ओवरसीज को राज्य निर्यात पुरस्कार योजना के तहत साल 2023-24 के लिए प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार गुप्ता ओवरसीज समूह के प्रबंध निदेशक और एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने ग्रहण किया। जबकि इसी श्रेणी में साल 2024-25 के लिए नोवा शूज को भी सम्मानित किया गया। जबकि द्वितीय पुरस्कार आरएन बजाज ओवरसीज आगरा को प्रदान किया गया। वहीं आगरा की शर्मा आर्टिस्टिक स्टोन गैलरी को मार्बल और पत्थर के उत्पादों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार दिया गया।
लखनऊ के होटल क्लार्क अवध में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, एनआरआई और निवेश प्रोत्साहन व निर्यात प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नन्द गोपाल नंदी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव अलोक कुमार, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स के डायरेक्टर जनरल व सीईओ डॉ. अजय सहाय, फियो उत्तर प्रदेश के प्रमुख आलोक श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े निर्यातकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
