यमुना में भैंसों को निकालने पर बबाल, नगर की टीम पर बोला हमला, पथराव में एक कर्मचारी गंभीर घायल
कमलानगर क्षेत्र के बल्केश्वर घाट के समीप का मामला
हमला करने वाले चार लोगों के खिलाफ हुई रिपोर्ट दर्ज
आगरा। बल्केश्वर घाट के समीप गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया जब प्रतिबंध के बावजूद भैंसों को यमुना में उतारा गया। भैंसों को यमुना नदी से बाहर निकलवाने को लेकर नगर निगम की प्रवर्तन टीम पर दबंग पशु पालकों ने हमला कर दिया गया। इस दौरान एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर निगम की प्रवर्तन टीम के कर्मचारी सुखवीर सिंह, हवलदार डीपी सिंह और चालक बंटी बल्केश्वर घाट क्षेत्र में गुरुवार को निरीक्षण पहुंचे थे। इस दौरान टीम ने यमुना नदी में कई भैंसों देखा तो पशुपालकों को नदी से जानवरों को बाहर निकालने के निर्देश दिए। पशुपालकों ने भैंसों को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद दर्जनों की संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और टीम के साथ कहासुनी के बाद हमला बोल दिया। भीड ने पथराव कर दिया। पथराव में चालक बंटी के सिर में पत्थर लग गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख प्रवर्तन दल के अन्य सदस्यों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घायल कर्मचारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगर निगम प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए चार लोगों फरमान, पप्पू, गुलफाम और चुटिया के खिलाफ कमलानगर थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार यमुना नदी को प्रदूषणमुक्त रखने और घाटों पर अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा। निगम कर्मियों पर हमले की घटना को लेकर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।नगर निगम कर्मचारियों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
