रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देशभर के यात्री टर्मिनलों की क्षमता बढ़ाने के दिए निर्देश

0
592e1a67-0c9a-4384-b8c5-ede395e25fe6

रेलवे के 76 स्टेशनों पर विकसित किए जा रहे प्रतीक्षा क्षेत्रों की रेलमंत्री ने की प्रगति की समीक्षा

नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को देशभर के प्रमुख यात्री ट्रेन टर्मिनलों की क्षमता बढ़ाने की योजना की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे बोर्ड के अधि कारियों और संबंधित क्षेत्रीय रेलवे को इसके क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। भारतीय रेलवे महानगरों में भीड़ कम करने, ट्रेन संचालन को सुचारू बनाने और यात्रियों की सुविधा में सुधार के लिए टर्मिनल की संचालन क्षमता को धीरे- धीरे बढ़ा रहा है। वहीं कुछ प्रमुख स्थानों पर इसे दोगुना कर रहा है।

क्षमता वृद्धि में प्लेटफार्मों, आवागमन क्षेत्रों, प्रवेश-निकास बिंदुओं, यात्री सुविधाओं का विस्तार और यातायात प्रवाह प्रबंधन में सुधार शामिल है। रेल मंत्री ने देशभर के 76 रेलवे स्टेशनों पर विकसित किए जा रहे प्रतीक्षा क्षेत्रों की प्रगति की भी समीक्षा की। इन प्रतीक्षा क्षेत्रों का उद्देश्य विशेष रूप से त्योहारों और व्यस्त यात्रा अवधियों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करना है। भीड़ के प्रवाह को व्यवस्थित रूप से नियंत्रित करने, सुरक्षा बढ़ाने और स्टेशन परिसर के अंदर भीड़भाड़ को रोकने के लिए ये प्रतीक्षा क्षेत्र बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कार्यों को समय पर पूरा करने और कड़ी निगरानी पर जोर दिया। ये उपाय विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अनुरूप हैं, जिसके तहत रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुनियोजित परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिनमें कुशल यात्री प्रबंधन प्रणाली और उन्नत बुनियादी ढांचा मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *