मथुराः वेटिंग रूम की फाल सीलिंग मामले में जेई को चार्जशीट, मरम्मत कार्य शुरू
मथुरा। आगरा रेल मंडल के मथुरा रेलवे स्टेशन पर रविवार को वेटिंग रूम की गिरी फाॅल सीलिंग मामले की जांच शुरू हो गई है। रेलवे के जेई को चार्जशीट दी गई है। वहीं वेटिंग रूम की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है।
मथुरा रेलवे स्टेशन पर गत रविवार को स्लीपर क्लास वेटिंग रूम की फाॅल सीलिंग उस समय गिर गई जब वहां यात्री मौजूद थे। यात्रियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई थी। घटना की रेलवे द्वारा की जांच की जा रही है। पीआरओ आगरा रेल मंडल प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर जेई को चार्जशीट दी गई है। वहीं वेटिंग रूम की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
निरीक्षण करने वाले अधिकारियों पर क्यों नहीं गिरती गाज
आगरा रेल मंडल में स्टेशनों का विकास कराया जा रहा है। विकास के नाम पर कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। हाल के दिनों में आगरा रेल मंडल के ईदगाह स्टेशन के वेटिंग रूम का प्लास्टर भरभराकर ढह गया था। कुछ दिन पहले आगरा फोर्ट टीटी रेस्ट हाउस का प्लास्टर गिर गया। रविवार को मथुरा के वेटिंग रूम की फाॅल सीलिंग ढह गई। रेलवे जांच के नाम पर छोटी मछलियों पर ही आरोप तय कर अपने कर्तव्य की इतिश्री समझ लेता है। जबकि निरीक्षण के नाम पर ओके का सर्टिफिकेट देने वाले अधिकारियों पर आंच भी नहीं आती। जबकि इसके लिए वे भी कम दोषी हैं, लेकिन उनके खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में रेलवे की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं।
