वंदे मातरम् की धुन के बीच ताज महोत्सव का हुआ आगाज, शिल्प, कला और संस्कृति का दिखेगा संगम
केन्द्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने अन्य अतिथियों संग किया ताज महोत्सव का शुभारंभ
आगरा। ताजमहोत्सव का रंगारंग आगाज बुधवार शाम को वंदे मातरम की धुन पर हुआ। 18 से 27 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव का आयोजन पहली बार शिल्पग्राम की बजाय फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में किया जा रहा है। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चैहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदोरिया, कमिश्नर नागेंद्र सिंह, डीएम अरविंद बंगारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर ताज महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
ताज महोत्सव में कला, शिल्प और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। वोकल फॉर लोकल की मुहिम को समर्पित इस महोत्सव में 500 स्टॉलों पर लघु भारत की झलक दिखेगी। ताज महोत्सव समिति सचिव शक्ति सिंह ने बताया कि यह महोत्सव सही मायनों में देशभर के हुनरमंदों के लिए एक बड़ा मंच साबित होने जा रहा है। आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाते हुए यहां 500 स्टॉल लगाए गए हैं। जहां प्रदेश के 50 जनपदों के एक जिला-एक उत्पाद के अलावा खादी, जूट और हथकरघा के बेहतरीन उत्पाद उपलब्ध होंगे। कश्मीर की पश्मीना शॉल से लेकर बनारस की सिल्क तक, पर्यटकों को एक ही छत के नीचे पूरे भारत की शिल्प कला के दर्शन होंगे।
नीरज श्रीधर और कृष्णा-अभिषेक बिखेरेंगे जलवा
महोत्सव में मनोरंजन का तड़का लगाने के लिए विशाल मुक्ताकाशीय मंच तैयार किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में 22 फरवरी को मशहूर सिंगर नीरज श्रीधर की बॉलीवुड नाइट होगी। 26 फरवरी को कृष्णा-अभिषेक की कॉमेडी नाइट दर्शकों को लोटपोट करेगी। 27 फरवरी को समापन संध्या पर सचिन-जिगर की जोड़ी सुरों का जादू बिखेरेगी। इसके अलावा इंडियन ओशन बैंड, अली ब्रदर्स की सूफी गायकी और माधवाज बैंड की भक्ति संध्या आकर्षण का केंद्र रहेगी।
सीकरी में कव्वाली और बटेश्वर में गूंजेंगे भजन
ताज महोत्सव को केवल शहर तक सीमित न रखकर इस बार इसका विस्तार किया गया है। 21 फरवरी को फतेहपुर सीकरी के ऐतिहासिक स्मारक पर निजामी बंधु अपनी कव्वाली पेश करेंगे। वहीं, 23 फरवरी को बटेश्वर के प्राचीन मंदिरों के बीच मिश्रा बंधु के भजनों की अमृत वर्षा होगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करना है। प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 6 बजे तक ब्रज के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अतिरिक्त 20 से 22 फरवरी के बीच बाइक और कार रैली, यमुना महाआरती और वन्यजीव प्रदर्शनी जैसे आयोजन ताजनगरी में पर्यटन की नई इबारत लिखेंगे।
प्रवेश शुल्क 50 रुपये
ताजमहोत्सव में प्रवेश शुल्क 50 रुपये प्रति वयस्क रखा गया है। 3 साल उम्र तक के बच्चों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। साथ विदेशी पर्यटक के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। स्कूल के ग्रुप में 50 बच्चों तक शुल्क 700 रुपये है। ताज महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरों के अलावा दो सौ पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।


