मथुरा में देवर ने भाभी का किया कत्ल, फिर खुद का भी काटा गला, हालत गंभीर

0
2026_2image_18_26_328194911murder-ll

भाई की साली द्वारा शादी से इंकार से था आरोपी था खफा

कहासुनी के बाद भाभी का गला रेता, फिर खुद पर भी किया प्रहार

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र के कटैलिया बागई गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद गला काट आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। हालांकि अभी तक वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, माना जा रहा है कि बड़े भाई की साली द्वारा शादी से इनकार किए जाने से नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया है। आरोपी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव कटेलिया बागई निवासी ज्वाला प्रसाद के दो बेटे कालू (25) और दीपक (23) हैं। चार महीने पहले कालू की शादी बलदेव में हुए सामूहिक विवाह समारोह में करिश्मा से हुई थी। समारोह में करिश्मा की बहन का रिश्ता दीपक से तय होने की बात थी, लेकिन युवती ने शादी से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दीपक परिवार से नाराज चल रहा था।
बताया जाता है कि रविवार दोपहर कालू और उसके पिता खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद दीपक और उसकी भाभी करिश्मा के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में दीपक ने भाभी पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजन दोनों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया। जबकि दीपक का इलाज जारी है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घर में चूल्हे की राख से एक ब्लेड बरामद हुआ, जिस पर से खून के निशान साफ किए गए थे। गद्दों को धोकर छत पर सुखाने की बात भी सामने आई है। प्रथम दृष्टया घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है। मृतका मूल रूप से आगरा की रहने वाली थी। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के बयान के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *