बल्केश्वर के लोहिया नगर में शू गोदाम में लगी आग
घनी आबादी के बीच लगी आग से फैली अफरा-तफरी
फायर ब्रिगेड की तीन दमकलों ने आग पर पाया काबू
आगरा। कमलानगर थाना क्षेत्र के बल्केश्वर में घनी आबादी के बीच शू गोदाम में सोमवार दोपहर को लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निक ल आए। सूचना पर एक के बाद एक तीन दमकलों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया।
बल्केश्वर के लोहिया नगर में चुन्नीलाल स्कूल के समीप सजल गुप्ता का दो मंजिला मकान है। उनकी गणपति ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। मकान के ग्राउंड व फस्र्ट फ्लोर पर शू गोदाम है। बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे पड़ोसियों ने फस्र्ट फ्लोर से धुआं निकालते देखा। घर पर कोई नहीं था। पड़ोसियों ने फोन कर आग की जानकारी दी। लोगों की भीड़ लग गई। मकान मालिक भी आ गए। आग की लपटों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आस पड़ोस के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेज हो गई। चारों तरफ धुआं हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की बात कही जा रही है।
सजल गुप्ता के बडे भाई ने बताया कि आग लगने के बाद काफी देर तक 112 पर कॉल करते रहे, लेकिन फोन नहीं लगा। बाद में फायर ब्रिगेड बुलाने के लिए स्कूटी से बच्चे को संजय प्लेस आफिस भेजा। फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई। तब तक आग भड़क चुकी थी। चारों आर धुआं ही धुआं छा गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। जिस समय आग लगी सजल गुप्ता का परिवार किसी काम से बाजार गया था। गनीमत रही कि आग के समय ऊपरी फ्लोर पर कोई नहीं था। सूचना पर जब घरवाले लौटे तो आग देखकर रोने लगे। लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया।


