फुटवियर की दुकान में चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार, लाखों की नकदी बरामद

0
5f961e9b-6b65-42e5-b410-ae0a57d8c4f6

दुकान में काम करने वाले नौकर ने ही रची थी साजिश

छत के रास्ते दुकान में घुसे, सब्बल से तोडा था शटर

आगरा। नाई की मंडी थाना क्षेत्र में फुटवियर की दुकान में छत तोड़कर गल्ले से 9 लाख रुपए की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लाखों नकदी के अलावा चोरी में प्रयुक्त दो बाइकें और सब्बल आदि बरामद किए। एक आरोपी फरार है। दुकान में काम करने वाले व्यक्ति ने ही चोरी की साजिश रची थी।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि थाना नई की मंडी में ठाकुर एमएम शूज एंड हाजरा फुटवियर में 31 जनवरी की रात चोरों ने दुकान की छत का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले का ताला तोड़कर करीब 9 लाख रुपए की नकदी चोरी कर ले गए।एफआईआर दर्ज कर पुलिस वारदात के खुलासे में लग गई। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। शुक्रवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपी समी पुत्र भूरा, उस्मान पुत्र पवन खां, समीर पुत्र स्व. अल्लो और राहुल पुत्र मुनीराज को गिरफ्तार किया। एक आरोपी पवन फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

डीसीपी सिटी ने बताया कि राहुल फुटवियर की दुकान में काम करता था। उसे गल्ले में रखी नकदी की जानकारी थी। उसने योजना बनाई और 31 जनवरी की रात पांचों आरोपी पास के मकान की दीवार के सहारे छत पर चढ़े, गेट तोड़ा और सब्बल से ताला तोड़कर करीब 9 लाख रुपये चोरी कर लिए। राहुल छत पर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। चोरी के बाद सभी आरोपी चिराग फुटवियर की छत से निकलकर अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। आरोपियों ने चोरी की रकम में से 50-50 हजार रुपये खर्च कर लिए। जबकि शेष रकम आपस में बांट ली। शेष राशि छह लाख छप्पन हजार पांच सौ रुपये इनसे बरामद हुए। पुलिस इनके फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *