केंद्रीय मंत्री डा. वीरेंद्र कुमार ने विपक्ष पर साधा निशाना, बजट की गिनाईं खूबियां
आगरा आए केन्द्रीय ने कहा, शोर-शराबा कर विपक्ष सदन का समय बर्बाद कर रहा है
आगरा। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डा. वीरेंद्र कुमार ने कहाकि विपक्ष शोर शराबा कर सदन को बाधित कर समय खराब कर रहा है। हम हर विषय पर चर्चा को तैयार हैं, लेकिन इनका काम सदन को डिस्टर्ब करना है। उन्होंने कहाकि जब इनके पास समय था, तब इन्होंने कोई काम नहीं किया। अब सिर्फ आरोप लगाकर समय खराब कर रहे हैं।
शनिवार को आगरा आए केन्द्रीय मंत्री ने बजट 2026-27 पर आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से मुखातिब हुए। जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रजक्षेत्र कार्यालय पर हुई बैठक में उन्होंने जहां एक ओर बजट की खूबियां गिनाईं वहीं, दूसरी ओर उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना भी साधा। केंद्रीय मंत्री ने कहाकि देश की अर्थव्यवस्था लगातार बढ़ रही है। पहले देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें नंबर पर थी, आज हम चैथे नंबर पर हैं। जल्द ही तीसरे नंबर पर होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहाकि केंद्रीय बजट में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, सबकी चिंता की गई है। ऐसे में ये आरोप लगाना कि अर्थव्यवस्था खराब हो रही है, गलत है। उन्होंने कहाकि आज पूरी दुनिया भारत के बढ़ते हुए कदमों का लोहा मान रही है। हर देश भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना चाह रहा है। भारत के अस्तित्व को दुनिया में कोई नकार नहीं पा रहा।
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहाकि पूरा देश देख रहा है कि संसद का सत्र कौन नहीं चलने दे रहा है। हम तो बार-बार कह रहे हैं, आप शोर मचाकर सदन का समय खराब कर रहे हैं। देश की जनता के पैसों को बर्बाद कर रहे हैं। आप शोर मचाने के बजाय सदन में चर्चा की कीजिए। हम हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहाकि ये शोर करके सदन को डिस्टर्ब कर सकते हैं। सदन में चाहे धारा 370 पर चर्चा हुई या फिर सर्जिकल स्ट्राइक पर विपक्ष को मुंह की खानी पड़ी है। अभी भी जिन विषयों को लेकर ये शोर मचा रहे हैं, यदि सदन में चर्चा करेंगे तो इन्हें फिर मुंह की खानी पड़ेगी।
कांग्रेस ने 56 साल में क्या किया?
केंद्रीय मंत्री ने कहाकि कांग्रेस ने पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक राज किया, फिर भी देश के विकास को गति नहीं दे पाई। अब हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल होता है। पहले ये मोबाइल विदेशों से आते थे। हमारे देश का राजस्व विदेशों में जाता था। आज सारी दुनिया में सबसे ज्यादा मोबाइल फोन बनाने वाले देशों में भारत दूसरे नंबर की ताकत बन गया। भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। वहीं, कांग्रेस 56 सालों तक क्या करती रही।

