वृंदावन की कुंज गलियों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे ने बिना प्रोटोकाल के घूमे, भगवान के किए दर्शन, ई-रिक्शा में किया सफर
मथुरा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार वृंदावन की कुंज गलियों में बिना तामझाम और प्रोटोकॉल के पैदल घूमते नजर आए। वह ई-रिक्शा से यमुना के जुगल घाट पहुंचे और यमुना पूजन किया।
चार सुरक्षाकर्मियों के साथ बुधवार को निशांत कुमार ई-रिक्शा से यमुना के जुगल घाट पहुंचे। इस दौरान धर्मनगरी वृंदावन में वह भक्ति में रंगे नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़ कर यमुना महारानी को प्रणाम कर पूजा-अर्चन की। इसके बाद ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर उन्होंने आराध्य के दर्शन किए। कुर्ता-पायजामा और हवाई चप्पल पहने निशांत कुमार के साथ न तो किसी तरह का वीआईपी प्रोटोकॉल दिखा और न ही स्थानीय पुलिस नजर आई।
इसके बाद वह ई रिक्शा से ही इस्कॉन मंदिर पहुंचे और आम श्रद्धालुओं की तरह ठाकुरजी के दर्शन किए और हरे राम संकीर्तन का आनंद लिया। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर निशांत अपना अधिकांश समय निजी और आध्यात्मिक गतिविधियों में बिताना पसंद करते हैं। इस्कॉन मंदिर के पीआरओ रविलोचन दास ने बताया कि निशांत कुमार दर्शन करने के लिए आए थे। उन्होंने आम भक्तों की तरह ठाकुरजी के दर्शन कर भक्ति का आनंद लिया। उन्हें ठाकुरजी की प्रसादी माला और प्रसाद भेंट किया गया।
