मेगा विधिक साक्षरता शिविर 22 फरवरी को, पंजीकरण अभियान शुरू, दिव्यांग, महिलाओं और श्रमिकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
अपर जिला जज की अध्यक्षता में वृहद विधिक सेवा शिविर के सम्बंध में हुई बैठक
निर्बल वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को लगेगा मेगा विधिक शिविर
आगरा। दीवानी परिसर स्थित नवीन सभाकक्ष में सोमवार को अपर जिला जज आगरा अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में बैठक में आगामी 22 फरवरी को लगने वाली मेगा विधिक साक्षरता सेवा शिविर पर चर्चा की गई। बैठक में ज्यादा से ज्यादा पात्रों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया गया।
बैठक में उपस्थित सभाी अधिकारीगणों को निर्देशित किया गया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले वृहद विधिक साक्षरता सेवा शिविर (मेगा शिविर) के सफल आयोजन के लिए पात्र व्यक्तियों का पंजीयन कर उनको कल्याणकारी योजना का लाभ प्रदान किया जाए। सचिव (पूर्ण कालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा ने बताया कि उक्त जागरूकता शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों में चल रही समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांग बच्चों, स्त्रियांे, निर्धन वर्ग और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित और सुलभ लाभ प्रदान करना है।
बैठक में बताया कि विधिक साक्षरता-सेवा शिविर के साथ-साथ प्री मेगा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम जनमानस शिविर में उपस्थित होकर अपना पंजीयन-रजिस्ट्रेशन करा सकता है। पंजीयन-रजिस्ट्रेशन के पश्चात पात्र व्यक्ति त्वरित योजना का लाभ भी प्राप्त कर सकता है। विनीता सिंह सचिव (पूर्ण कालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगरा ने आग्रह किया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले वृहद विधिक साक्षारता सेवा शिविर में आम जन अधिकाधिक प्रतिभाग कर जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
बैठक में दिव्यानंद द्विवेदी, अपर जिला जज, आगरा, मृत्युंजय श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आगरा, जिला विकास अधिकारी, आगरा, दिव्यांग अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी, उद्यान विभाग और श्रम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

