अलंकार बोले, जातिगत टिप्पणी करने वाले का नाम बताएं डीएम, समर्थकों संग किया प्रदर्शन

0
pcs-officer-alankar-agnihotri_da7a010a361f2f14f9d28b8705c36aec

बरेली। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरा नंद सरस्वती और यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देने वाले निलंबित पीसीएस अफसर अलंकार अग्निहोत्री ने शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वर्ष 2019 बैच के पीसीएस अफसर अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को इस्तीफा देने के बाद रात में डीएम से मुलाकात के बाद उन्होंने जिला प्रशासन पर बंधक बनाने का आरोप लगाया। हालांकि डीएम ने उनके आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। देर रात सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया गया। इस पर उन्होंने कहाकि वह निलंबन के खिलाफ कोर्ट जाएंगे। मंगलवार सुबह उनके आवास के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया।

एडीएम कंपाउंड में स्थित अलंकार अग्निहोत्री के आवास पहुंचने वाले मुख्य गेट को पुलिस में बंद कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का कहना था कि ऊपर से रोक लगाई गई है। इसलिए गेट बंद किया गया। ऐसे में उनके समर्थकों ने लोगों को दामोदर पार्क में आने का आवाह्न कर दिया। दामोदर पार्क में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। पूर्वान्ह 11 बजे एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसपी देहात मुकेश चंद मिश्रा, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार समेत कई अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट के आवास पर पहुंचे। इसके बाद अलंकार अग्निहोत्री अपने आवास से पैदल ही कलक्ट्रेट पहुंचे और समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।

अलंकार अग्निहोत्री ने अपने समर्थकों के साथ डीएम आवास पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। पूर्वान्ह करीब 11.58 बजे अलंकार अग्निहोत्री धरने से उठकर डीएम से मिलने चले गए। वह समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट सभागार पहुंचे। यहां डीएम चेंबर के सामने निलंबित पीसीएस अफसर और उनके समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जब अलंकार अग्निहोत्री डीएम से मिलने आ रहे थे तो कलक्ट्रेट का गेट बंद था। इसलिए वह वहीं गेट पर ही जमीन पर बैठ गए थे। करीब घंटेभर जमीन पर बैठे रहे। इसके बाद कलक्ट्रेट के सभागार में अपने समर्थकों के साथ अंदर बैठ गए। सभागार से मीडिया कर्मियों को बाहर कर दिया गया। सभागार में डीएम के आने का इंतजार किया जा रहा था।

निलंबन के विरुद्ध कोर्ट जाएंगे अलंकार अग्निहोत्री

अलंकार अग्निहोत्री ने कहाकि वह निलंबन के विरुद्ध हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। उन्होंने सोमवार रात के घटनाक्रम का जिक्र किया और डीएम आवास में बंधक बनाने का आरोप फिर दोहराया। अग्निहोत्री ने कहाकि मेरे खिलाफ साजिश रची गई। जब साजिश असफल हो गई और वह अपने इस्तीफे पर अड़े रहे तो रात में ही सस्पेंशन लेटर जारी कर दिया गया। पीसीएस अफसर ने कहाकि वह निलंबन के खिलाफ कोर्ट में जाएंगे।

निलंबित पीसीएस अफसर अलंकार अग्निहोत्री मंगलवार को डीएम से मिलने के लिए कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। दोपहर डेढ़ बजे के बाद भी उनकी मुलाकात डीएम से नहीं हो पाई। अलंकार अग्निहोत्री का कहना है कि वह सिर्फ डीएम से एक सवाल पूछना चाहते हैं कि रात में लखनऊ से किसका कॉल आया था, जिसने उनके (अलंकार अग्निहोत्री) के लिए अपशब्द कहे। वह डीएम से मिलकर ही जाएंगे। अलंकार अग्निहोत्री ने करीब तीन घंटे तक कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया, लेकिन डीएम से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद वह यहां से चले गए। कलक्ट्रेट से निकलकर दामोदर पार्क पहुंचे निलंबित अफसर अलंकार अग्निहोत्री ने कहाकि वह तीन बजे डीएम से मिलने कलक्ट्रेट जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *