पांच दिनी कार्य सप्ताह की मांग को लेकर आगरा में बैंकों में लटके ताले, हडताली कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
आगरा। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से मंगलवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे। इस हड़ताल के चलते आगरा की सभी बैंकों में ताले लटके रहे। इस हडताल में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, निजी, विदेशी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में पांच दिवसीय बैंकिंग को लागू करने का आवाहन किया।
मंगलवार को बडी संख्या में हडताली बैंक कर्मचारी और अधिकारियों ने संजय प्लेस स्थित एलआईसी बिल्डिंग पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह हड़ ताल बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर की गई है। इन प्रमुख मांगों में बैंकिंग उद्योग में 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना, सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करना और कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार को कम करना शामिल है। यूएफबीयू आगरा के संचालक गजेंद्र सिंह ने कहाकि सरकार सार्वजनिक बैंकों को कमजोर कर इसके जनहितकारी उद्देश्य को समाप्त करना चाहती है। समस्त बैंकर्स और जनता को भी एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठानी होगी।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन जनता के विरुद्ध नहीं, बल्कि बैंकिंग क्षेत्र में हो रहे भेदभाव और कर्मचारियों की उपेक्षा के खिलाफ है। यूनियनों ने जनता से सहयोग की अपील की। यूनियन्स के अनुसार वर्ष 2015 में हुए द्विपक्षीय समझौतों और 7 दिसंबर 2023 को हुए समझौते के अनुसार 5-दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किए जाने की सिफारिश पहले ही की जा चुकी है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। वर्तमान में सप्ताह के दूसरे और चैथे शनिवार को बैंक बंद होते हैं, लेकिन आईबीए से हुए समझौते के अनुसार हर शनिवार को बैंक बंद होने थे। समझौता हुए लम्बा समय हो गया, लेकिन सरकार ने क्रियान्वन की ओर कोई कदम नहीं उठाया।


