मुझे 45 मिनट तक डीएम आवास में बंधक बनाया गया, इस्तीफा देने वाले सिटी मजिस्ट्रेट का आरोप

0
bareilly-city-magistrate-alankar-agnihotri_37ad71b5f2e1e219cbf04accf63cef6a

दिन भर मनाने का चला दौर, किसी की एक नहीं मानी

लखनऊ से आए काॅल पर अपशब्द कहे जाने का आरोप

बरेली। यूजीसी कानून में बदलाव और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद को लेकर इस्तीफा देने वाले बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को सोमवार को दिन से लेकर रात तक मान-मनौव्वल का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान अधिकारियों ने उनको पहले करियर का हवाला दिया, फिर भावनाओं से जोड़कर मनाने का प्रयास किया, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट के सामने सारे प्रयास फेल साबित हुए। शाम को सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री डीएम आवास पर पहुंचे। डीएम आवास में वह करीब एक घंटा तक रहे। इसके बाद बाहर निकले तो अलंकार अग्निहोत्री ने जिला प्रशासन पर ही बड़ा आरोप लगा दिया।

सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि डीएम ने वार्ता के लिए बुलाया था। आरोप लगाया कि वह डीएम आवास पर 45 मिनट तक बंधक रहे। कहाकि मैंने सचिव दीपक पांडेय को फोन किया, कहाकि मुझे बंधक बनाकर रखा हुआ है। जब मैंने इनको कॉल कर दिया और डीएम और एसएसपी साहब को बता दिया तब तुरंत छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि षड्यंत्र यह रचा गया कि मैं रातभर बंधक रहूं और इसी आवास में पड़ा रहूं। लखनऊ से किसी का कॉल आया था। मुझे अपशब्द बोले गए।

सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने के बाद डीएम व अन्य अधिकारियों से मिलकर वापस लौटे अलंकार अग्निहोत्री मीडिया के सामने आए। उन्होंने अपने को डीएम आवास पर बंधक बनाए जाने की खबर को सार्वजनिक किया। दूसरी ओर उन्होंने डीएम को लखनऊ के एक अधिकारी से आई कॉल के बारे में बताया। कहाकि डीएम अविनाश सिंह संबंधित अधिकारी से फोन पर स्पीकर ऑन कर बात कर रहे थे, तभी दूसरी तरफ से लखनऊ के संबंधित अधिकारी ने अपशब्द कहे। सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने आवास खाली करने के लिए उन्होंने अपने समर्थकों को सरकारी बंगले पर बुलाया है। यहां उनके समर्थक पहुंच रहे हैं।

इधर अखंड भारत गौरव ट्रस्ट के संस्थापक अनिल मुनि भी अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफा देने की खबर पाकर सिटी मजिस्ट्रेट के बंगले पर पहुंचे थे। इन्होंने सरकार की नीतियों के विरुद्ध इतनी अधिक नाराजगी जाहिर की कि मीडिया के कैमरों के सामने ही अपने कपड़े उतार दिए। अर्धनग्न अवस्था में अनिल मुनि ने कहाकि आज स्वर्ण समाज के कपड़े उतर गए हैं। यूजीसी बिल पर सवाल उठाते हुए कहाकि संसद में कोई कानून पास होता है तो हंगामा मच जाता है, लेकिन इस बिल पर किसी ने कुछ नहीं बोला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *