ट्रेन में यात्री का छूटा बैग यात्री को सुरक्षित सौंपा गया
बैग में लैपटाॅप सहित था लगभग एक लाख रुपये का सामान
दिल्ली से मथुरा सफर के दौरान समता एक्सप्रेस में छूटा था बैग
आगरा। समता एक्सप्रेस के कोच एस-2 में सफर के दौरान यात्री का बैग ट्रेन में छूट गया। बैग में लैपटॉप, मोबाइल फोन, चार्जर, इयरफोन और अन्य कीमती सामान मौजूद था। सूचना पर आगरा कैंट स्टेशन पर रेलवे के स्टाफ ने जांच कर उक्त बैग को सही सलामत बरामद कर लिया, जिसे सम्बन्धित यात्री को सौंप दिया गया।
यह बैग सैकत साधु खां समता एक्सप्रेस से निजामुद्दीन से मथुरा तक यात्रा कर रहे थे। मथुरा स्टेशन पर वह उतर गए। इस दौरान उनका एक बैग ट्रेन में छूट गया। उन्होंने इसकी जानकारी मथुरा स्टेशन स्टाफ को दी। उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) मथुरा से मिली सूचना पर ट्रेन के आगरा कैंट स्टेशन पहुंचते ही उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), आगरा द्वारा तत्परता दिखाते हुए संबंधित स्टाफ को अवगत कराया गया। आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन के कोच में जाकर जांच की गई, जहां बैग सही-सलामत मिल गया। इस पर यात्री से संपर्क कर वीडियो कॉल के जरिए बैग की पहचान कराई गई। पुष्टि हुई कि बैग में रखे सामान की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये है।
बाद में बैग को आरपीएफ स्टाफ द्वारा कार्यालय लाया गया। जहां विधिवत जांच के दौरान बैग में लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, पावर बैंक, इयरफोन, कपड़े और अन्य व्यक्तिगत सामान सुरक्षित पाया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बैग को यात्री सैकत साधुखां के सुपुर्द कर दिया गया। यात्री द्वारा रेलवे प्रशासन और आरपीएफ स्टाफ की तत्परता, ईमानदारी और सराहनीय कार्यप्रणाली की प्रशंसा की गई।
