आगरा रेल मंडल में पाॅइंट्समैन के रूप में होगी पूर्व सैनिकों की तैनाती
भारतीय रेल में पॉइंट्समैन के रूप में पूर्व सैनिकों की तैनाती के लिए एमओयू करने वाला रेल मंडल बना आगरा
आगरा रेल मंडल और आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन के बीच एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
पूर्व सैनिकों की सहभागिता से रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा रेल मंडल के विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों को प्वाइंट्समैन के रूप में नियोजित किया जाएगा। इस सम्बन्ध में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के नेतृत्व में आगरा रेल मंडल, उत्तर मध्य रेलवे और आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन लखनऊ के मध्य बुधवार को एक अनुबंध (एमओयू ) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस एमओयू के तहत आगरा रेल मंडल के विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में नियोजित किया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत तैनाती आगरा रेल मंडल के अधिकार क्षेत्र में की जाएगी। इस एमओयू के माध्यम से कुल 73 पॉइंट्समैन व 175 गेटमैन के पदों पर पूर्व सैनिकों की प्रस्तावित तैनाती की जाएगी। समझौता ज्ञापन पर आगरा रेल मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समन्वय कुलदीप मीना ने हस्ताक्षर किए। जबकि आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर से कर्नल अनुराग कुमार (सेवानिवृत्त) ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सनत जैन भी मौजूद रहे।
यह समझौता दोनों संगठनों के बीच दीर्घकालिक और फलदायी सहयोग की शुरुआत का प्रतीक है। इससे रेल परिचालन की संरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। पूर्व सैनिकों का अनुशासन, अनुभव और कर्तव्यनिष्ठा रेल संरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
