दयालबाग इंस्टीट्यूट में मना लोहड़ी उत्सव, दिखी पंजाब की झलक
संस्थान के विद्यार्थियों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टिट्यूट की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा मंगलवार को मनाए गए लोहड़ी पर्व में पंजाबी संस्कृति की झलक दिखाई दी। सामाजिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के इस उत्सव में संस्थान की परंपराओं और आधुनिक उत्साह के संगम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
संस्थान मे लोहडी पर्व के कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए गए। छात्रों के लिए संस्थान के मुख्य स्टेडियम में विशाल अलाव जलाकर उत्सव मनाया गया और छात्राओं के लिए जूनियर और सीनियर गल्र्स हॉस्टल में पारंपरिक गीतों और नृत्यों के साथ लोहड़ी मनाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोक नृत्य, लोक गीत और भांगड़ा प्रस्तुत कर उत्सव को संस्कृति के रंग में सराबोर किया। ऐसा लगा मानो पंजाब की संस्कृति उमड आई।
इस मौके पर संस्थान के डायरेक्टर प्रो.सी पटवर्धन और रजिस्ट्रार प्रो. संजीव स्वामी ने लोहडी प्रज्ज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने मौजूद जनसमूह को लोहड़ी के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व के बारे में बताया। बताया कि यह त्योहार नई फसल के आगमन, आपसी भाईचारे और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है।
एनएसएस समन्वयक डॉ. सुनेश्वर प्रसाद ने मुख्य अतिथियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा के मार्ग पर चलने को प्रेरित किया। सभी को रेवड़ी, गजक और मूंगफली का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। इनमें डॉ. अशोक जांगिड़, डॉ. संजय सैनी, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, डॉ. कविता कुमार आदि शामिल रहे।



