रेलवे के ओवरहेड हाई वोल्टेज तारों से दूरी बनाकर रखें

0
d2920878-93fb-4aae-a135-d39906b02b5d

आगरा रेल मंडल में 25 केवी ओवरहेड उपकरण (ओएचई) से जुड़े खतरों से लोगों को किया अगाह

धौलपुर-मनिया रेल खंड के गांवों और रेलवे गेटों पर अभियान चलाकर जनता को किया गया जागरुक

सलाहः समाजिक हितों को ध्यान में रखते हुए खुद भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरुक करें

आगरा। रेलवे के 25 केवी ओवरहेड वायर से दूरी बनाएं रखें। न ओवरहेड तारों के नीचे ट्रैक पर चलें और न ही उसे पार करें। अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें। यह नसीहत रेलवे ने ग्रामीणों को अभियान चलाकर दी। आगरा रेल मंडल के धौलपुर- मनिया रेल खंड में यह अभियान रेलवे के विद्युत विभाग और रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को 25 केवी ओवरहेड वायर से दूरी बनाए रखने की गुजारिश की गई।

मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान की अगुवाई वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण वितरण) धर्मेश कुमार और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राजमोहन ने की। इस अभियान के दौरान 25 केवी ओवर हेड उपकरण (ओएचई) से जुड़े खतरों के प्रति आम जनता को जागरूक किया गया। यह अभियान धौलपुर-मनिया रेलखं डमें मनिया स्टेशन और उसके तहत आने वाले सभी गेटों के अलावा ग्राम सत्तरपुर, ग्राम एदललपुर में चलाया गया। जहां पत्थरबाजी से संबंधित घटनाएं अधिक पाई जाती हैं।

इन बिंदुओं से किया गया आगाह

25 केवी ओएचई में अत्यधिक वोल्टेज होता है, जिससे किसी भी प्रकार के संपर्क में आने पर गंभीर विद्युत आघात लग सकता है।

ओवरहेड उपकरणों पर पत्थर या अन्य वस्तु फेंकना खतरनाक है। पत्थरबाजी से इंसुलेटर टूट सकते हैं, जिससे ओएचई तार टूटने, करंट लगने और रेल यातायात बाधित होने की संभावना रहती है।

रेलवे ट्रैक पर चलने या पार करने से बचें। आम जनता को सलाह दी गई कि वे ओवरहेड तारों के नीचे रेलवे ट्रैक पर न चलें और न ही उसे पार करें।

रेलवे ट्रैक के पास पतंग न उड़ाएं। बच्चों और युवाओं को समझाया गया कि वे रेलवे ट्रैक के पास न खेलें, पतंग न उड़ाएं और ट्रेनों पर पत्थर न फेंकें। पतंग का मांझा ओएचई या ट्रेन के पैंटोग्राफ में फंस सकता है। यदि मांझे में धातु या चालक पदार्थ हो, तो पतंग उड़ाने वाले व्यक्ति को करंट लगने का गंभीर खतरा रहता है।

ट्रैक के पास लंबे डंडे, पोल या धातु की वस्तु न उठाएं। विद्युतिकृत रेलवे ट्रैक के पास ऐसे किसी भी उपकरण को उठाना जानलेवा हो सकता है।

रेलवे ट्रैक के पास कचरा न फेंकें। पॉलीथीन व अन्य अपशिष्ट ओएचई या पैंटो ग्राफ में फंस सकते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना होने के साथ-साथ रेल संचालन में बाधा उत्पन्न हो सकती है।

ओएचई मास्ट, पोर्टल या किसी भी धातु संरचना को न छुएं। इनमें लीकेज करंट हो सकता है, जिससे बिजली का झटका लगने का खतरा रहता है।

ओएचई तारों की ओर पानी का छिड़काव न करें। यह अत्यंत खतरनाक है। इससे करंट लगने और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचने की संभावना रहती है, जो दंडनीय अपराध है।

कपड़े सुखाने के लिए दो विद्युत खंभों या संरचनाओं के बीच रस्सी न बांधें। इससे गंभीर विद्युत दुर्घटना हो सकती है।

रेलवे ट्रैक और ओएचई तारों के समानांतर किसी भी प्रकार की धातु की तार न खींचें और न ही बिछाएं, क्योंकि इससे गंभीर विद्युत आघात लग सकता है।

किसी भी असामान्य घटना की सूचना तत्काल दें

यदि कोई व्यक्ति बिजली के तारों से चिपका हुआ दिखाई दे या कोई बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा हो, तो उसे बिल्कुल न छुएं और न ही किसी अन्य व्यक्ति को ऐसा करने दें। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी रेलवे स्टेशन या संबंधित रेल कर्मचारी को सूचना दें। यदि ओएचई में स्पार्किंग, धुआं या किसी प्रकार का नुकसान दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे अधिकारियों या नजदीकी स्टेशन को अवगत कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *