रेलवे स्टाफ की तत्परता से यात्री का खोया सोने का कंगन वापस लौटाया
हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान गुम हुआ सोने का कंगन
रेलवे प्रशासन की तत्परता से ट्रेन की सीटों के नीचे से मिला कंगन, वापस पाकर खुश हुई यात्री
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में यात्रियों और उनकी संपत्ति की रक्षा के प्रति रेलवे कर्मचारियों की तत्परता का एक और उदाहरण सामने आया है। मंगलवार को हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान खोए सोने के कंगन को सुरक्षित खोजकर वापस लौटाया।
हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच ई-2 में अशोक वर्मा अपनी पत्नी मधु के साथ निजामुद्दीन से आगरा कैंट तक यात्रा कर रहे थे। इस दौरान मधु के हाथ का सोने का कंगन गुम हो गया। इसकी सूचना उन्होंने उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) आगरा कैंट रवि कुमार को दी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन में कार्यरत कोच कंडक्टर को सूचित किया। इस पर कोच में गहन जांच की गई। इस दौरान सीट संख्या 45, 46, 47 और 48 के समीप यात्री का खोया हुआ सोने का कंगन सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
वाणिज्य नियंत्रक आगरा द्वारा तत्परता से उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), ग्वालियर के साथ समन्वय स्थापित किया गया। ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन पर आगमन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा कंगन को उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), ग्वालियर को सौंपा गया। इसके पश्चात यात्रियों के परिजनों द्वारा आवश्यक पहचान और सत्यापन के उपरांत कंगन को प्राप्त किया गया।
ऑन ड्यूटी उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), आगरा कैंट रवि कुमार द्वारा दिखाई गई तत्परता, समन्वय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। उनके प्रयासों से यात्री का कीमती सामान सुरक्षित वापस लौटाया जा सका। अपना कीमती सामान वापस पाकर यात्रियों ने संतोष व्यक्त किया और रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों का आभार जताया। यात्रियों ने रेलवे कर्मियों की ईमानदारी, सजगता और जनसेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना की।
यह घटना एक बार पुनः यह सिद्ध करती है कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर सजग एवं प्रतिबद्ध है तथा ऐसी त्वरित कार्रवाइयों के माध्यम से यात्रियों के विश्वास को और सुदृढ़ कर रहा है।

