अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 व 9 दाखिले को कराई जाए प्रवेश परीक्षाः मंडलायुक्त

0
b89e1329-8be7-4181-a074-1e9accc9050c

मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक

अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 व 9 की प्रवेश परीक्षा की तैयारियों पर दिए दिशा-निर्देश

आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई मण्डलीय अनुश्रवण समिति की बैठक में अटल आवासीय विद्यालय आगरा में कक्षा 6 व 9 में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित कराए जाने पर चर्चा की गयी। उप श्रम आयुक्त ने बताया कि प्रवेश परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए मण्डल के चारों जिलों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गये हैं। 21 जनवरी तक पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन लिए जायेंगे। अटल आवासीय विद्यालयों में तीन वर्ष पूर्व पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों और कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चे इस परीक्षा के लिए पात्र हैं।

मंडलायुक्त द्वारा चारों जिलों में तीन वर्ष पूर्व पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और कोविड प्रभावित बच्चों की संख्या की समीक्षा की गयी। निर्देश दिए गये कि पंजीकृत श्रमिकों की सूची सम्बन्धित शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। सभी श्रमिक परिवारों से सम्पर्क कर ज्यादा से ज्यादा बच्चों के आवेदन कराए जाएं। छूटे हुए सभी पात्र बच्चों को इस परीक्षा में शामिल करने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए। परीक्षा केन्द्र के चयन में सरकारी या सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय को ही प्रमुखता दिए जाने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केन्द्र में सभी मूलभूत सुविधाएं पीने का पानी, बिजली, सीसीटीवी, फर्नीचर, बालक और बालिकाओं के शौचालय अलग हों।

प्रश्न पत्र की प्रणाली बच्चों को समझायी जाए। वहीं प्रवेश परीक्षा शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के निर्देश पर बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक, कक्ष व्यवस्थापक और अन्य कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। परीक्षा से पूर्व ड्यूटी करने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा और प्रधानाचार्य अटल आवासीय विद्यालय द्वारा कराया जाएगा। बैठक में तैनात अधिकारियों, कार्मिकों की संख्या और नियत मानदेय पर भी चर्चा की गयी।

बैठक में समय से प्रवेश पत्र न मिल पाने के दृष्टिगत परीक्षा देने वाले बच्चों के परिजनों से सम्पर्क कर जनपद स्तरीय श्रम कार्यालय से प्रवेश पत्र की प्रति उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गये। बैठक में अटल आवासीय विद्यालय में व्याप्त जल निकासी और शद्ध पेयजल की समस्या भी रखी गयी। बताया गया कि इसके स्थायी समाधान के लिए तैयार किए गये प्रस्ताव को शासन स्तर पर प्रेषित किया जा चुका है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त शुभांगी शुक्ला, उपश्रमायुक्त सियाराम, प्रधानाचार्या अटल आवासीय विद्यालय सुनीता वशिष्ठ, बीएसए जितेन्द्र कुमार, डीआईओएस चन्द्रशेखर, सहायक श्रमायुक्त मथुरा एमए पाल, श्रम प्रवर्तन अधिकारी फिरोजाबाद विनीत त्रिपाठी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मैनपुरी चन्द्रपाल, डीपीओ प्रियंका दीक्षित, कोषागार अधिकारी विनय तिवारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *