आगरा में पगार मांगने पर युवक को शौचालय में बंद कर पीट-पीटकर किया अधमरा, मैनेजर सहित दो गिरफ्तार
एकता थाना क्षेत्र का है मामला, फाइनेंस कम्पनी में करता था युवक काम
फिरोजाबाद से वेतन लेने आया था, लाठी-डंडों से पीट किया लाल-नीला
आगरा। पगार मांगने गए एक निजी कम्पनी के कर्मचारी को शौचालय में बंदकर मैनेजर ने अपने साथियों के साथ पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। कपडे उतार कर शौचालय में लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर हालत में कर्मचारी को परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीडित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फाइनेंस कम्पनी मैनेजर सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि इनके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है।
मामला एकता थाना क्षेत्र का है। पीड़ित कर्मचारी वैभव चैहान के पिता अशोक कुमार चैहान निवासी टापा खुर्द फिरोजाबाद ने थाना एकता में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उनका पुत्र वैभव बरौली अहीर, शमशाबाद रोड स्थित पीवोटल मैनेजमेंट फाइनेंस कंपनी में कार्य करता था। 30 दिसंबर को वैभव फिरोजाबाद से आगरा अपना वेतन लेने के लिए कंपनी कार्यालय आया था। जहां मैनेजर विपिन भदौरियां, कर्मचारी सौरभ चैहान और रामनरेश ने वेतन देने से मना करते हुए उसे जबरन बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में बने शौचालय में ले गए और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। रात करीब 10 बजे वैभव घायल हालत में घर पहुंचा। उसकी हालत मरणासन्न थी। होश में आने पर उसने पूरी घटना परिजनों को बताई।
एसीपी ताज सुरक्षा पीयूष कांत राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी मैनेजर विपिन भदौरिया और सौरभ चैहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को दोनों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया। न्यायालय ने उनकेकृत्य को देखते हुए दोनों को जेल भेज दिया। भागे हुए रामनरेश की तलाश की जा रही है।

