ट्रेनों की रफ्तार कोहरे का दखलः एक से छह घंटे की देरी से चल रही ट्रेनें
आगरा। मौसम की मार से ट्रेनों की रफ्तार उबर नहीं पा रही है। आगरा से होकर गुजरने वाली कई गाड़ियों की रफ्तार कोहरे के चलते धीमी हो गई है। इस कारण उनका परिचालन विलम्ब से हो रहा है। शुक्रवार को आगरा पहुंचने वाली ज्यादातर ट्रेनें एक से छह घंटों की देरी से पहुंची।
रेलवे ट्रैक रात और सुबह के समय की चादर से ढंक जाता है। इसके चलते ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को हल्कान होना पड रहा है। आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, राजा की मंडी, ईदगाह से कई सुपरफास्ट, एक्सप्रेस और राजधानी ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों देरी से रवाना हुईं। शुक्रवार को आगरा कैंट से गुजरने वाली 14 ट्रेन कोहरे के कारण घंटों की देरी से चल रहीं हैं।
शुक्रवार को अवध एक्सप्रेस सबसे ज्यादा साढ़े छह घंटे की देरी से आगरा कैंट स्टेशन पहुंची। मथुरा जंक्शन से उत्कल एक्सप्रेस 6 घंटे देरी से रवाना हुई। आगरा कैंट से प्रयागराज-लालगढ़ सुपरफास्ट 4 घंटे 47 मिनट, उत्कल एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट, नांदेड़-श्रीगंगानगर सुपरफास्ट 3 घंटे 3 मिनट, महाकौशल एक्सप्रेस 2 घंटे 4 मिनट और जबलपुर-निजामुद्दीन सुपरफास्ट 1 घंटे की देरी से चलीं।
मथुरा जंक्शन पर नई दिल्ली-सिकंदराबाद सुपरफास्ट 3 घंटे 6 मिनट और देहरादून-कोटा एसी एक्सप्रेस 1 घंटे 12 मिनट देरी से चली। वहीं कर्नाटक एक्सप्रेस 1 घंटे 56 मिनट की देरी से चल रही। ईदगाह स्टेशन से गुजरने वाली अनन्या एक्सप्रेस 4 घंटे और पारसनाथ एक्सप्रेस 3 घंटे देरी से चल रहीं। ट्रेनों की देरी से यात्रियों को प्लेटफार्मों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
