आगरा में सर्दी का सितम जारी, रिमझिम फुहारों ने बढाई ठिठुरन
दोपहर बाद हुई बूंदाबांदी, रात को शहर कोहरे के आगोश में रहने की संभावना
आगरा। ताजनगरी में दिन का तापमान लगातार गिरता जा रहा है। यही कारण है कि साल के पहले दिन यानी गुरुवार को भी कोल्ड-डे रहा। सुबह छाए रहने से लोग सर्दी से ठिठुर गए। दोपहर बाद हुई रिमझिम फुहार के बाद गलन बढ़ गई। दोपहर लगभग 2 बजे शुरू हुई रिमझिम फहारें शाम साढ़े पांच बजे के बाद तक पडती रहीं। इसके चलते सर्दी में और इजाफा हुआ। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियश और अधिकतम 12 डिग्री सेल्सियश दर्ज किया गया।
ताजनगरी में सर्दी का सितम जारी है। हाड कंपाने वाली सर्दी ने शहर के बाशिन्दों जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया। गुरुवार को भी सर्दी के तेवरों से शहर के लोग कंपकंपाते रहे। सर्दी से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते हुए नजर आए। वहीं घरों में अंगीठी और हीटरों का सहारा लिया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके चलते फिलहाल सर्दी से छुटकारे की उम्मीद कम है।
