मगरमच्छ के जबडे से पिता को खींच लाया बेटा, राष्ट्रपति ने बाल वीर को किया सम्मानित

0
Copy-2025-12-26T195047.681

आगरा के बाह क्षेत्र का मामला, गांव में फैली खुशी की लहर

आगरा। जांबाजों की जमीं आगरा के बाह क्षेत्र के एक बहादुर बच्चे अजय राज के साहस को हर कोई सलाम कर रहा है। इस बच्चे की बहादुरी को शुक्रवार को राष्ट्रपति के हाथों से पुरस्कार मिला। अजयराज के राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने से पूरे बाह क्षेत्र में खुशी की लहर दौड गई।

आगरा के बाह क्षेत्र के गांव झरनापुर हरलालपुर निवासी किसान वीरभान चाहर के बेटे अजयराज को यह सम्मान मिला है। घटना साल 2025 की है। अजयराज के पिता वीरभान आगरा-धौलपुर सीमा क्षेत्र के चंबल नदी के किनारे पानी लेने गए थे। उनके साथ उनका बेटा अजयराज भी था। इसी दौरान नदी में छिपे मगरमच्छ ने वीरभान के पैर को जबड़े में दबोच लिया और गहरे पानी की तरफ खींचने लगा। कुछ पल के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई। पिता की चीख सुनते ही दस वर्षीय बेटा अजय डंडा लेकर दौड़ पड़ा और देखते ही देखते मगरमच्छ के जबड़े पर वार करना शुरू कर दिया। अजय के डंडे मारने से मगरमच्छ ने वीरभान का पैर छोड़ दिया और वापस नदी में चला गया। इस तरह बेटे अजय ने पिता वीरभान की मगरमच्छ से जान बचाई। इस खबर की खूब चर्चा हुई। अजय की बहादुरी के किस्सों ने खूब सुर्खियां बटोरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *