राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर अधिकारों के प्रति किया जागरुक
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष प्रथम ने एक साल में निपटाए 305 मामले
चार साल में आयोग ने दस करोड रुपये के चेकों का किया गया वितरण
आगरा। राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस बुधवार को मनाया गया। 24 दिसम्बर को मनाए जाने वाला यह दिवस उपभोक्ता अधिकारों के महत्व और उसके संरक्षण को कवच प्रदान करता है। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष प्रथम आगरा के अध्यक्ष सर्वेश कुमार द्वारा बुधवार को उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण के बारे जानकारी दी। साथ ही जनवरी से दिसम्बर निपटाए गए उपभोक्ता मामलों की जानकारी दी।
उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि साल 2025 में जनवरी से दिसम्बर के बीच उपभोक्ता विवाद प्रतितोष प्रथम आगरा में 326 मामले दर्ज कराए गए। इनमें 305 मामलों का निपटारा किया गया। उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने अब तक चार सालों के कार्यकाल में वादकारियों को लगभग 10 करोड रुपये के चेकों का वितरण किया गया। परिवाद संख्या 48/ 2022 शालिनी अग्रवाल बनाम मैक्स लाइफ इंश्योरेंस में 1 करोड 63 लाख 24 हजार 4 सौ 84 रुपये का क्लेम दिलाया। वहीं परिवार संख्या 08/2021 में प्रांजल गुप्ता बनाम प्रबंधक नीवा वूपा हेल्थ इंश्योरेंश में परिवादी को 66 लाख, 16 हजार 439 रुपये का क्लेम दिलाया।
उपभोक्ता अधिकार दिवस पर आयोग के अध्यक्ष ने उपभोक्ता अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। इनमें सुरक्षा का अधिकार, सूचित होने का अधिकार, चुनने और सुने जाने का अधिकार और निवारण का अधिकार के बारे में जानकारी दी। साथ ही बताया कि वर्तमान में उपभोक्ताओं के लिए घर से ही ई जागृति पोर्टल पर शिकायत व परिवाद दर्ज कराने की सुविधा प्रदान की गई है।
