आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी आग, यात्रियों में मची चीख-पुकार

0
bsa-ma-lga-aaga_bdf0ba10735c27e9b4eb3f9841e3d2cf

फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र में हुआ हादसा, बस में सवार थे 45 यात्री

आग में प्राइवेट बस के साथ यात्रियों का सामान भी जलकर हुुआ खाक

अजमेर से नेपाल जा रही थी प्राइवेट बस, सभी यात्रियों को निकाला सुरक्षित

फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम आगरा-लखनऊ एक्स प्रेस-वे पर दौडती यात्रियों से भरी बस अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी 45 यात्रियों की जान बच गई, लेकिन बस और उसमें रखा यात्रियों का पूरा सामान जल कर खाक हो गया। यात्रियों से भरी ये बस अजमेर शरीफ से यात्रा कराकर नेपाल जा रही थी। इसमें सवार यात्री भी नेपाल के निवासी थे।

मंगलवार को शाम करीब तीन बजे प्राइवेट बस अजमेर शरीफ से यात्रियों को लेकर नेपाल जा रही थी। थाना सिरसागंज क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे खम्बा संख्या 76 किलोमीटर के समीप पहुंची बस से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपने आगोश में ले लिया। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।

चालक चुन्नू मिश्रा पुत्र गंगा मिश्रा निवासी ग्राम गिरगाज थाना बीरगंज जिला परसा नेपाल ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को साइड में लगाया। सभी यात्रियों को बस से जल्दी से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कठफोरी चैकी प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इस बीच फायर ब्रिगेड दमकलें भी मौके पर पहुंच गईं। धू-धू कर जलती बस में आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पडी। तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। उसमें रखा यात्रियों का सामान भी पूरी तरह स्वाह हो गया।

आधा घंटे तक प्रभावित रहा एक्सप्रेसवे

एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग ने जब अपना रौद्र रूप धारण किया तो पुलिस ने हाईवे के गुजर रहे वाहनों को रोक दिया। ताकि अन्य वाहन आग की चपेट में न आ जाएं। वहीं दमकल कर्मियों के आग पर काबू पाने के बाद यातायात को सुचारू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *