यूपी को मिलने जा रहा तीसरा डिप्टी सीएम!
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब होगा योगी मंत्रिमंडल का विस्तार
एससी समुदाय से हो सकता है प्रदेश सरकार में तीसरा उपमुख्यमंत्री
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने के बाद अब मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल के विस्तार का रास्ता भी साफ हो गया है। यूपी की मंत्रिपरिषद में कुल 60 मंत्री हो सकते हैं, लेकिन अभी केवल 54 मंत्री हैं। यानी 6 मंत्री पद अभी खाली हैं। इन खाली पदों पर जल्द ही नए चेहरों को जगह मिल सकती है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और जाट नेता भूपेंद्र सिंह चैधरी को फिर से मंत्रि मंडल में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है। वे पहले योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री रह चुके हैं। पश्चिमी यूपी में जाट समाज के बीच भाजपा की पकड़ मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद उन्हें मंत्री बनाकर पार्टी संतुलन साध सकती है।
भाजपा सामाजिक संतुलन पर भी ध्यान दे रही है। वर्तमान में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ओबीसी, और बृजेश पाठक ब्राह्मण हैं। अब अनुसूचित जाति एससी समुदाय से एक नेता को तीसरा डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक एमएलसी महेंद्र सिंह की भी मंत्रिमंडल में वापसी हो सकती है। वे इस समय मध्य प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रभारी हैं। इसके अलावा ऊंचाहार से सपा छोड़कर आए विधायक मनोज पांडे और बागी सपा विधायक पूजा पाल का नाम भी मंत्री पद के लिए चर्चा में है।
