आगरा में रिटायर्ड दरोगा ने इज्जत के लिए किया बेटी का कत्ल
हत्या के बाद बेटी का शव ससुराल में ले जाकर यमुना में फेंका
पुलिस से बचने को कराई बेटी की गुमशदगी दर्ज, फिर नहीं बचा
जसवंत नगर से पुलिस ने कंकाल किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार
आगरा। ताजनगरी में एक दिल दहला देने वाली आॅनर किलिंग की घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। पुलिस महकमे से रिटायर्ड एक दरोगा इज्जत की खातिर अपनी ही बेटी को गला घोंटकर मार डाला। इसके बाद पत्नी के साथ शव को कार में रखकर इटावा के जसवंतनगर स्थित अपनी ससुराल ले जाकर साले के बेटे को साथ लेकर शव को यमुना नदी में फेंक दिया। शव पानी में बहने के बजाए झाड़ियों में फंस गया था। प्रेमी की शिकायत पर दरोगा ने बचने के लिए बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी, लेकिन पुलिस की नजरों से उसकी करतूत छिप नहीं सकी। सख्ती से पूछताछ में रिटायर्ड दरोगा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पिता की निशानदेही पर इटावा में नदी से कंकाल को बाहर निकलवाया गया।
आगरा के मलपुरा के थाना क्षेत्र के विनायक गार्डन में रिटायर्ड दरोगा 65 वर्षीय रणवीर सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने इसी साल 30 अक्टूबर को बेटी अंशु यादव (33) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया था बेटी घर से कहीं चली गई है। आगरा पुलिस कई दिनों से युवती की तलाश कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस का शक रिटायर्ड दरोगा पर था, क्योंकि घटना से कुछ दिन पहले युवती ने मां-बाप पर हत्या की आशंका जताते हुए एक वीडियो बनाया था। वीडियो और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी का रिश्ते के भतीजे से अफेयर था। वह शादी की जिद पर अड़ी थी, इसलिए मारना पड़ा।
इटावा पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंशु का अपने ही रिश्ते में लगने वाले भतीजे से अफेयर था। परिवार इस रिश्ते से नाराज था। 30 अक्टूबर से पहले ही परिवार के लोगों ने अंशु की हत्या कर दी थी। युवती का प्रेमी उसकी गुमशुदगी को लेकर लगातार परेशान था। पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपी पिता ने खुद ही बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि परिवार के अन्य छोटे भाई-बहनों की शादी में इस रिश्ते को बाधा माना जा रहा था, जिससे तंग आकर माता-पिता और भाई ने इस घटना को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी आगरा के मलपुरा थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया- रिटायर्ड दरोगा की बेटी डेढ़ महीने से लापता थी। पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। 14 दिसंबर को युवती के प्रेमी अनुराग यादव ने लड़की के मां-बाप पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर रविवार को इटावा में यमुना नदी किनारे शव बरामद किया गया। बॉडी की डीएनए जांच भी कराई जाएगी।
