बेरहम भाभी ने सरप्राइज गिफ्ट के बहाने दिए ननद को न भूलने वाले जख्म
चुन्नी से बांधे हाथ और आंखें, चाकू से किए वार पर वार
खून से लथपथ ननद अस्पताल में जिन्दगी मौत से जूझ रही
आगरा। ननद-भाभी के घरेलू झगडे कितने गंभीर हो सकते हैं, इसका उदाहरण ट्रांसयमुना क्षेत्र में देखने को मिला। यहां एक भाभी ने ही अपनी ननद की जान लेने की कोशिश की। सप्राइज गिफ्ट देने के बहाने ननद को कमरे में ले जाकर उसकी आंखों और हाथों को चुन्नी से बांध दिया। फिर चाकू ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ननद के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मामला थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र के राधा नगर का है। यहां रहने वाले आॅटो चालक गिरीश अग्रवाल के बेटे शिवांशु का प्रेम विवाह एक वर्ष पूर्व कचहरीघाट निवासी पूजा से हुआ था। रविवार सुबह गिरीश रोजाना की तरह ऑटो लेकर निकल गए। शिवांशु और उसकी मां संगीता पूजा की मौसी के घर गमी में चले गए। छोटा बेटा आलोक कोचिंग गया था। घर में बेटी प्रिया अग्रवाल और पुत्रवधू पूजा मौजूद थी।
आरोप है कि सुबह करीब 9 बजे भाभी पूजा ननद प्रिया को सप्राइज गिफ्ट देने बहाने अपने कमरे में ले गई। वहां चुन्नी से उसकी आंखों व हाथों को चुन्नी से बांध दिया। इसके बाद चाकू से सिर पर कई वार किए। यही नहीं तवा, चिमटा और करछनी से भी उस पर ताबडतोड हमले किए। प्रिया की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। देखा तो प्रिया खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी भाभी पूजा को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से घायल प्रिया को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हमले के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
