बेकाबू क्रेन ने ले ली एक्टिवा सवार युवक की जान
एत्माद्दौला क्षेत्र के हनुमान नगर में सुबह-सुबह हुआ हादसा
ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा, पुलिस ने क्रेन किया सीज
आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के हनुमान नगर में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में क्रेन की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में युवक को एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
हरीपर्वत थाना क्षेत्र के घटिया आजम खां निवासी 26 वर्षीय अतुल राठौर नुनिहाई स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में कार्यरत थे। वह सुबह करीब 10 बजे अपनी एक्टिवा से नौकरी पर जा रहे थे। हनुमान नगर पर पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार क्रेन ने एक्टिवा को अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया। हादसे में अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए ले जाते समय उन्होंने रास्ते में ही दम तोड दिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने क्रेन चालक के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष एत्माद्दौला ने बताया कि क्रेन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
