बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण में टिकैत ने बताई भाजपा की बडी भूमिका
किसान नेता ने कई मुद्दों पर रखे अपने विचार
मुजफ्फर नगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मुर्शिदाबाद बाबरी मस्जिद निर्माण विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहाकि इसमें भाजपा का बड़ा योगदान है। टिकैत ने कहाकि इसमें लगभग 70 प्रतिशत भूमिका भाजपा की है। उनका कहना था कि जो भी कुछ हो रहा है, वह पूरी तरह राजनीतिक प्रक्रिया के तहत हो रहा है। इसे लेकर अलग-अलग दावे सामने आते रहेंगे।
टिकैत ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर कहाकि वह स्वयं सांसद हैं। मुस्लिम समुदाय से आते हैं। उन्होंने जो प्रतिक्रिया दी है, वही इस मुद्दे पर पर्याप्त है। टिकैत का कहना था कि इमरान मसूद ने जो भी बात कही है, उस पर काम कर लिया जाए ताकि अनावश्यक विवाद न बढ़े।
यूपी में घुसपैठियों के सत्यापन अभियान पर राकेश टिकैत ने कहाकि घुसपैठिया चाहे कहीं का भी हो देश में अवैध तरीके से नहीं रहना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति बिना दस्तावेजों के रह रहा है तो सरकार और प्रशासन को उसे चिन्हित कर बाहर करना ही चाहिए। उन्होंने यह भी कहाकि यह अभियान किसी समुदाय या क्षेत्र विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा और प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
टिकैत ने एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहाकि इसकी समय सीमा बढ़ाई जानी चाहिए। ताकि लोग अपने दस्तावेज पूरा कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई अपनी पहचान या वोटिंग से जुड़े कागज पूरे नहीं करेगा तो बाद में खुद ही आरोप लगाएगा कि उसे वोट देने का अधिकार नहीं मिला। टिकैत ने कहा कि अगर किसी की दो जगह वोट बनी हुई है, तो उसे एक जगह हटवा लेनी चाहिए। ताकि भविष्य में किसी तरह की गलतफहमी या कानूनी समस्या न आए। अपना उदाहरण देते हुए उन्होंने कहाकि उनके घर में भी दो जगह वोट थे। एक सिसौली गांव में और एक मुजफ्फरनगर में, लेकिन उन्होंने खुद इसे एक जगह करवा लिया है।
वंदे मातरम विवाद पर टिकैत ने साफ कहाकि वंदे मातरम किसी पार्टी का मुद्दा नहीं बल्कि देश का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए और राष्ट्रहित से जुड़े सवालों को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए।
