हाइवे पर दौडती कार बनी आग का गोला

0
aaga-ka-gal-bna-kara_f0fe227f5b5244cc87aed2bf9417199e

आगरा-फिरोजाबाद हाइवे पर सुबह-सुबह हुआ हादसा

परिवार ने कूदकर बचाई जान, दो किमी लंबा लगा जाम

आगरा। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में हाइवे पर जनहित हॉस्पिटल के पास शुक्रवार सुबह चलती अल्टो कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। कार में सवार परिवार ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। हादसे के बाद हाइवे पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कृष्णा कॉलोनी, टूंडला फिरोजाबाद निवासी राजीव सरदाना ने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे पत्नी सिन्नी, बेटी वांशिका और सास प्रमिला कपूर के साथ बांके बिहारी मंदिर गोवर्धन दर्शन के लिए अल्टो कार से जा रहे थे। सुबह दस बजे जैसे ही रॉयल चैराहा फ्लाईओवर पार किया कि अचानक कार के आगे के दाहिने टायर से तेज धुआं निकलने लगा।

राजीव ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को हाइवे किनारे रोका और परिवार को तुरंत बाहर निकाला। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। लपटें आसमान छूने लगीं और पूरी कार जलकर खाक हो गई। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान यातायात सुचारू कराने में भी पुलिस को खासी मशक्कत करनी पडी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *