दिल्ली देहात में गरीब किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दूंगाः राहुल
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहाकि सरकार गरीबों की जमीन अमीरों को बेचकर गरीब किसानों के साथ अन्याय कर रही है, लेकिन वह उनका मामला संसद में उठाएंगे और उन्हें न्याय दिलाकर रहेंगे।
गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को एक पोस्ट में लिखा जन-संसद में दिल्ली देहात के प्रतिनिधियों से मुलाकात और उनसे बातचीत में देश भर के गरीबों, किसानों के दर्द की गूंज सुनाई दी। मोदी सरकार विकास के नाम पर गरीबों का हक, अमीरों के फायदे के लिए छीन रही है। उन्होंने साफ बताया कि दिल्ली की सीमा के गांवों की जमीनें छीनने का संगठित षड़यंत्र चल रहा है जो बहुत ही गंभीर और चिंताजनक है।
उन्होंने कहाकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने किसानों के हक की रक्षा के लिए मजबूत भूमि अधिग्रहण कानून बनाया था जिसमें किसानों की स्वेच्छा और उन्हें मिलने वाले मुआवजे, दोनों पर विशेष ध्यान दिया गया था। इसलिए यह कानून उनका पूरा खयाल रखता है। मोदी सरकार ने आज उसी कानून को दरकिनार कर भूमि पूलिंग जैसी नीतियों से ग्रामीणों को उनकी जमीन, रोजगार और भविष्य से दूर किया जा रहा है और यह काम सुनियोजित तरीका अपनाकर कभी दबाव से तो कभी धोखे से किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहाकि किसानों, ग्रामीणों, गरीबों के संवैधानिक अधिकार छीनने की ये कोशिश किसी भी हाल में सफल नहीं होने दी जाएगी। यह सिर्फ जमीन नहीं, यह उनकी पहचान, इतिहास और जीवन का आधार है। मैं इस मुद्दे को संसद में जोरदार तरीके से उठाऊंगा और दिल्ली देहात के हर नागरिक को न्याय दिलाकर ही रहूंगा।
