सपा के जीत वाले विधानसभा क्षेत्रों में की जा रही वोट काटने की साजिशः अखिलेश

0
2025_11image_15_37_27481915984-ll

सपा सुप्रीमो का आरोप भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर कर रहे साजिश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर साजिश के तहत मिलकर उन विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बहाने 50 हजार से अधिक वोट काटने की तैयारी का आरोप लगाया जहां 2024 में लोकसभा चुनाव में सपा और इंडिया गठबंधन जीते थे।

सपा मुख्यालय में अपने पिता और पार्टी संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित सम्मेलन में अखिलेश यादव ने दावा किया कि यह जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भाजपा ने निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर बड़ी तैयारी की है। उन्होंने आयोग से मांग की कि उत्तर प्रदेश में एसआई आर प्रक्रिया के लिए समय और बढ़ाया जाए। आंकड़ों के अनुसार 2022 के विधान सभा चुनाव में 255 सीटें जीतने वाली भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ 162 विधानसभा सीटों पर ही बढ़त मिली। जबकि विधानसभा चुनावों में 111 सीट जीतने वाली सपा ने लोकसभा चुनाव में 183 विधानसभा सीटों पर सर्वाधिक मत पाने का रिकॉर्ड बनाया। तब 2022 में सिर्फ दो सीट जीतने वाली कांग्रेस ने भी लोकसभा चुनावों में 40 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनायी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग जब मुद्दों पर और जनता के बीच हारने लगे तो साजिशन एसआईआर ले आये। उन्होंने कहाकि निर्वाचन आयोग से हम अपेक्षा करते हैं कि वह निष्पक्ष रहेगा और यह संस्था हमारी हर शिकायत का निराकरण करेगी, लेकिन यह सुनने में आ रहा है कि भाजपा और आयोग 2024 की हार के बाद सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल और उप्र पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार, निर्वाचन आयोग मिलकर यह तैयारी कर रहे हैं कि 2024 के जिन विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी जीती है, इंडिया गठबंधन जीता है, उन विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के बहाने 50 हजार से ज्यादा वोट काट दिया जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *