सांसद जी! मेरे बेटे, बहू और पोती को कैमरून से निकलवाओ

0
6ac276a5-96ab-4791-b8c5-5064cadea325

कैमरून में फंसे धीरज जैन के पिता ने सांसद नवीन जैन से लगाई गुहार

सांसद पिता को दिया भरोसा, कहा सभी विभागों के संपर्क में हूं लगातार

आगरा। अफ्रीका के कैमरून में फंसे धीरज जैन के पिता धनपाल जैन ने सांसद नवीन जैन से उनके शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर मुलाकात कर अपने बेटे-बहू और पोती को वापस लाने की गुहार लगाई। धनपाल जैन ने बताया कि उनका बेटा निर्दोष है। उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उससे जबरन काम कराया जा रहा है। तीन महीनों से कंपनी द्वारा वेतन भी नहीं दिया गया।

धनपाल जैन ने बताया कि उनके बेटे धीरज के एग्रीमेंट में स्पष्ट उल्लेख है कि यदि किसी भी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया होती है तो वह भारत में ही होगी। इसके बावजूद कंपनी द्वारा अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। धीरज की मां गंभीर ऑटोइम्यून बीमारी से ग्रसित हैं। मुंबई में अपनी बेटी के पास रहकर उपचार करा रही हैं। धनपाल जैन सांसद से गुहार लगाते हुए कहाकि बेटे, बहू और उनकी दूधमुंही बेटी के कैमरून में फंसे होने से परिवार टूट चुका है। वह मानसिक तनाव के कारण अपनी नौकरी तक ठीक से नहीं निभा पा रहे। उन्होंने इस संकट से बाहर निकालने की गुहार लगाई।

भारतीय उच्चायोग की पहल तेज

सांसद नवीन जैन द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और कैमरून स्थित भारतीय उच्चायुक्त को भेजे गए पत्रों पर शीघ्र संज्ञान लिया गया है। कैमरून स्थित भारतीय उच्चायुक्त विनय खंडूजा ने जानकारी दी कि वे लगातार धीरज जैन, उनके परिजनों, नियोक्ता कंपनी और स्थानीय अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। उच्चायोग ने भरोसा दिलाया कि धीरज जैन की भारत वापसी के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से की जा रही हैं। जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा।

सांसद नवीन जैन ने दिया भरोसा आपका दुख मेरा अपना दुख है

सांसद नवीन जैन ने धनपाल जैन भरोसा दिलाते हुए कहाकि आप चिंता न करें। आपका दुख मेरा अपना दुख है। वह स्वयं प्रधानमंत्री कार्यालय, विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क में हैं। सांसद ने बताया कि धीरज जैन की सुरक्षित वापसी के लिए विभागों के बीच चैबीसों घंटे समन्वय बनाए रखा गया है। उन्होंने कहाकि जब तक धीरज सुरक्षित भारत नहीं लौट आते, मेरे प्रयास एक पल के लिए भी नहीं रुकेंगे। प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सभी औपचारिकताएं पूरी कराई जा रही हैं। जैन परिवार अकेला नहीं है। पूरा सरकारी तंत्र आपके साथ खड़ा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *