दिल्ली बम धमाका सरकार की नाकामी से हुआः अखिलेश

0
2025_11image_18_20_453192475akhilesh-yadav3-ll

भाजपा पर जमकर बरसे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

सपा न्यू इंडिया विजन को लेकर बढ रही आगे

बरेली। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में हुए बम धमाके को सरकार की बड़ी नाकामी करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहाकि खुफिया तंत्र पूरी तरह विफल हो गया, तभी ऐसी घटना हुई। अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव पर कहाकि जनता बदलाव चाहती है और राजद नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देख रही है। यादव बृहस्पतिवार को एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए बरेली पहुंचे।

यादव ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहाकि भाजपा सरकार देश की अर्थव्यवस्था को चीन के हाथों सौंप चुकी है। कहाकि सरकार स्वदेशी की बात करती है, लेकिन पूरी अर्थव्यवस्था चीन के कब्जे में है। बाजारों में चीनी सामान हावी है।

निर्वाचन आयोग पर भाजपा के इशारों पर काम करने का आरोप लगाते हुए यादव ने दावा किया कि रामपुर और कुंदरकी में हजारों लोगों को वोट डालने नहीं दिया गया। पुलिस ने लोगों को घरों से निकलने से रोका। हमने निर्वाचन आयोग से शिकायत की, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। सपा प्रमुख ने कहाकि समाजवादी पार्टी न्यू इंडिया विजन को लेकर आगे बढ़ रही है और बरेली के विकास के लिए विशेष घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।

सरकार पर बिजली महंगी करने का आरोप

अखिलेश यादव ने कहाकि महंगाई, यातायात और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता परेशान है, लेकिन सरकार जनता का ध्यान इनसे हटाने की कोशिश कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहाकि भाजपा वाले भगवान से ऊपर हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने कोई नया कारखाना नहीं लगाया, बस बिजली महंगी कर दी। गरीब आज शादी-ब्याह और सोना खरीदने तक में असमर्थ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वाले ही असली भू-माफिया हैं जो गरीबों की जमीन और संपत्ति हड़प रहे हैं। यादव ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब अपनी कुर्सी हिलती देख लेते हैं तो सांप्रदायिक हो जाते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *