बोले अखिलेश, दिल्ली ब्लास्ट की हर पहलू से की जाए जांच
अखिलेश यादव मृतकों के प्रति जताई गहरी संवेदना
लखनऊ। दिल्ली में लाल किले के पास एक कार में हुए धमाके के बाद अब तक 11 लोगों की मौत हो गई। इस विस्फोट के बाद राजधानी दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके पर समाजवादी पार्टी के चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दुख जताया है। उन्होंने इस विस्फोट के हर पहलू की जांच की मांग की है।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-दिल्ली ब्लास्ट एक बेहद दुखद और गंभीर घटना है। इसकी हर पहलू से जांच की जाए। इस ब्लास्ट से देश की राजधानी में जो भय व्याप्त हुआ है, उससे जनता को उबारने के लिए तुरंत सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। मृतकों के प्रति गहरी संवेदना, सभी घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज सुनिश्चित किया जाए।
वहीं लाल किले के पास कार विस्फोट के बाद आनंद विहार और यूपी सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। धमाके के बाद राजधानी लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
