दिल्ली में कार में धमाका, कई गाड़ियों में लगी आग, हाई अलर्ट
लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए धमाके में 3-4 गाडियां जलीं
फायर विभाग की दस दमकलें मौके पर पहुंच आग बुझाने में जुटीं
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए जोरदार धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 पर हुआ। धमाके के बाद कार में लगी भीषण आग की चपेट में तीन और गाड़ियां भी आ गई। दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। इस धमाके में कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस पर बयान नहीं दिया है।
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि दमकल विभाग को लाल किले के पास धमाके जैसी आवाज की सूचना मिली। दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचे गई हैं। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट हुआ, जिससे आस-पास के तीन वाहनों में आग लग गई। स्थिति की जांच और आग पर काबू पाने के लिए टीमें भेजी गई हैं।
दिल्ली पुलिस जांच में जुटी है कि क्या गाड़ी के अंदर कोई विस्फोटक सामग्री थी या फिर इस धमाके के पीछे कुछ और वजह है। इलाके के डीसीपी भी घटनास्थल पर हैं। लाल किले के पास जहां ये धमाका हुआ है वह काफी भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। फिलहाल धमाके वाली जगह को सील कर दिया गया है।
धमाके के बाद पूरे दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं केंद्रीय जांच एजेंसियां भी इस मामले की जांच के लिए पहुंच गई हैं। गृह मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक लाल किले के पास जोरदार आवाज सुनाई दी है जिसके बाद आग लगी है। एनआईए और एनएसजी की टीम भी मौके पर पहुंच रही है और थोड़ी देर में धमाके के वजह की जांच करेगी।

