ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे वनडे 2 विकेट से हराया
गिल की कप्तानी में हार से शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 की अजेय बढ़त ली
एडीलेड। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे में 2 विकेट से हराया। इसके साथ ही मेजबान देश ने एक मैच रहते ही तीन मैच की सीरीज जीत ली। शुभमन गिल की बतौर वनडे कप्तान सीरीज हार से शुरुआत हुई। ऑस्ट्रेलिया ने 265 रन के टारगेट को 22 गेंद रहते हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए कूपर कॉनोलो ने नाबाद 61 रन बनाए। उनके अलावा मिचेल ओवेन ने 23 गेंद में तेजतर्रार 36 रन की पारी खेली। वहीं, मैथ्यू शॉर्ट ने भी 74 रन बनाए। भारत की तरफ से हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लिए। अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज को 1-1 विकेट मिला। ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेला गया पहला वनडे भी जीता था। सीरीज का तीसरा मुकाबला शनिवार को सिडनी में खेला जाएगा। इससे पहले, मिचेल मार्श, ट्रेविस हेड को अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने आउट किया। हेड 28 और मार्श 11 रन बनाकर आउट हुए। मैट रेनेशॉ को अक्षर पटेल ने बोल्ड किया।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारत की शुरुआत इस मैच में भी खराब रही थी। कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली जल्दी आउट हो गए। कोहली तो लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट हुए। उन्हें जेवियर बार्टलेट ने एलबीडब्ल्यू किया। वहीं, गिल 9 रन बनाकर बार्टलेट का शिकार बने। इसके बाद रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी हुई। रोहित शर्मा ने 73 और श्रेयस अय्यर ने 61 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा आखिरी के ओवर में अक्षर पटेल ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 44 रन जोड़े। इसके बाद हर्षित राणा ने भी आखिरी के ओवर में 24 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जाम्पा ने 4 विकेट झटके और जेवियर बार्टलेट ने भी तीन विकेट लिए। मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए।
भारत उसी टीम के साथ उतरा है, जो पर्थ में खेली थी। टॉस के बाद कप्तान शुभमन गिल ने कहाकि पिच अच्छी नजर आ रही है। पिच कवर्स से ढंकी रही है। ऐसे में हम भी टॉस जीतते तो पहले गेंदबाजी ही करते। हम पहले बल्लेबाजी करके भी खुश हैं। उम्मीद करते हैं कि मौसम की वजह से खेल बार-बार नहीं रुकेगा। भारत पर्थ में खेला गया पहला वनडे हार गया था। इस मुकाबले में बार-बार बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा था। रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों इस मैच में नाकाम रहे थे।
