बिहार विधानसभा चुनावः एनडीए में सीटों का हुआ बंटवारा
भाजपा और जदयू दोनों 101-101 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव
चिराग को मिलीं 29 सीटें, हम और आरएलएम को 6-6 सीटें
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसकी पुष्टि जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर की।
243 सीटों के हुए बंटवारे के तहत जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। जबकि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपी-आरवी) को 29 सीटें मिली हैं। इसके अलावा गठबंधन के अन्य दो सहयोगी दल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम पार्टी सेक्युलर (हम) को 6-6 सीटें दी गई हैं।
सीटों का यह बंटवारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडीयू के लिए एक बड़ा समझौता है। 2020 के पिछले विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार, पार्टी 14 सीटों का सीधा नुकसान झेलकर 101 सीटों पर सिमट गई है। जबकि भाजपा भी अपनी पिछली 110 सीटों की संख्या से कम पर आ गई है। गठबंधन में चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के शामिल होने से सीटों के गणित पर काफी असर पड़ा है।
जेडीयू नेता संजय कुमार झा ने इस बंटवारे का स्वागत करते हुए कहाकि एनडीए के सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता इसका खुशी से स्वागत करते हैं और नीतीश कुमार को भारी बहुमत से फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट हैं।
चुनावी कार्यक्रम
बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे और मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
